मंडी अटेली। अटेली रेलवे स्टेशन पर सुपर फास्ट ट्रेनों का ठहराव करने की मांग को लेकर प्रजा भलाई संगठन और बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन बुधवार को परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व ठाकुर अतरलाल एडवोकेट ने किया।
धरना सभा में अतरलाल ने कहा कि रेल मंत्रालय तथा अधिकारी सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव करने में अटेली रेलवे स्टेशन के साथ भेदभाव कर रहे हैं। अटेली रेलवे स्टेशन पर एक भी सुपरफास्ट गाड़ी का ठहराव नहीं है। जबकि राजस्थान के ढाबला, रेनवाल, कांवट स्टेशन पर चेतक सुपर फास्ट गाड़ी का ठहराव किया गया है। इसी तरह रेवाड़ी से जयपुर वाया अटेली नारनौल कोई भी पैसेंजर नियमित गाड़ी नहीं चलाई जा रही है। रेलवे मंत्रालय के सौतेले व्यवहार के खिलाफ धरना प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री, रेलमंत्री व जीएम जयपुर मंडल के नाम तीन अलग-अलग ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक जितेंद्र यादव को सौंपें। ज्ञापनों में चेतक एक्सप्रेस तथा अजमेर जनशताब्दी एक्सप्रेस गाड़ी का ठहराव तत्काल अटेली रेलवे स्टेशन पर करने, रेवाड़ी से जयपुर वाया अटेली नारनौल तीन नियमित पैसेंजर ट्रेन चलाने, भिवानी - चंडीगढ़ ट्रेन का लिंक रेवाड़ी-अटेली-नारनौल तक करने, अटेली रेलवे स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ाने की मांग की गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि 15 दिन में यदि सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव अटेली स्टेशन पर सुनिश्चित नहीं किया गया तो कार्यकर्त्ता रेल रोको आंदोलन चलाने की रणनीति बनाने पर मजबूर होंगे। इस अवसर पर भाग सिंह, लालचंद शर्मा, सुबेदार छत्रपाल सिंह, कुलदीप तंवर, मुकुट सिंह, जतिन शर्मा, अशोक सिंह, योगेंद्र, शेरसिंह यादव, विकास यादव, बिल्लू, नवरत्न सिंह, मनमोहन, अजय, नरेंद्र, दान सिंह प्रजापत व योगेश उपस्थित रहे।