ओवरलोड डंपर ने ली बच्ची की जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निजामपुर-बायल रोड स्थित गांव पांचनौता के नजदीक आला की ढाणी के पास बुधवार की सुबह एक ओवरलोड डंपर की चपेट में आने से एक 10 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। वहीं घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बायल सड़क मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे दोपहर एक बजे तक वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। सूचना मिलने पर नांगल चौधरी एसएचओ राजकरण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझा कर जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने पर अड़ गए। इसके बाद करीब 12 बजे डीएसपी राजेश मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाया।
ग्रामीण भागीरथ, महेंद्र सिंह, रतिराम, हरीसिंह, सतपाल, पतराम और नर सिंह आदि ने बताया कि एक दिन पूर्व ही बच्ची रिंकू पुत्री रोशन आर्मी सेंटर फतेहगढ़ यूपी से परिवार के साथ गांव पांचनौता आई थी। बुधवार को सुबह 10:30 बजे सफर में बीमार होने के कारण रिंकू को उसकी मां नर्सा देवी इलाज के लिए पैदल ही ले जा रही थी। तभी अचानक बायल की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ओवरलोड डंपर की चपेट में आने से बच्ची की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बच्ची को पुलिस की सहायता से नागरिक अस्पताल नारनौल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित दिया। बता दें कि ओवरलोड वाहनों के चलते बायल क्षेत्र में आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। पिछले चार महीनों में सड़क दुर्घटना में 8 व्यक्तियों की दर्दनाक मौत हो चुकी है।
इससे गुस्साएं ग्रामीणों ने बुधवार सुबह 9 बजे दुर्घटना के बाद निजामपुर बायल सड़क पर जाम लगा दिया। वहीं जाम के चलते यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना पाकर नांगल चौधरी एसएचओ राजकरण सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। डीएसपी ने ग्रामीणों को डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जल्द गिरफ्तार करने और ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने का आश्वासन दिया।