{"_id":"794b163cf182a6b61b369688bd1dacbb","slug":"firing-in-illegael-mining-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"अवैध खनन: हवाई फायरिंग कर धमकाया ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
अवैध खनन: हवाई फायरिंग कर धमकाया
महेंद्रगढ़ / नारनौल
Updated Wed, 09 Dec 2015 10:17 PM IST
विज्ञापन
क्षेत्र में खनन माफिया का खेल जारी है। बुधवार को गांव मांदी में कैंपर में आए बदमाशों ने वहां खनन कर रहे लोगों से पर्ची काटने की बात कही तो ग्रामीणों ने उनका विरोध जताया। ग्रामीणों के विरोध पर कैंपर सवार लोगों ने हवाई फायरिंग कर दी। इससे ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों ने शिकायत पुलिस को दी है। शिकायत मिलने के बाद डीएसपी हेडक्वार्टर ने पुलिस टीम के साथ मौका मुआयना किया।
विज्ञापन
जिले में अवैध खनन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई न होने से उनके हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। खनन माफिया विरोध करने वालों पर हवाई फायरिंग कर धमका रहा है। लोग दहशत में हैं और माइनिंग विभाग व प्रशासन भी इस पर रोक लगाने में नाकामयाब रहे हैं। नांगल चौधरी के सीमावर्ती गांवों में कई साल से ऐसा चल रहा है। खनन माफिया के डर से कई बार तो ग्रामीण भी विरोध नहीं कर पाते।
विज्ञापन
पर्ची काटने का जताया विरोध
ग्रामीण रवि यादव, रामबाबू, अजय कुमार आदि ने बताया कि कृष्णावती नदी राजस्थान से निकलकर नांगल चौधरी होते हुए गांव मांदी के पास से गुजरती है। इस नदी में ऊंट रेहड़ी चालक चोरी से बजरी खनन करते हैं। बुधवार को भी ऊंट रेहड़ी वाले जब यहां खनन कर रहे थे तो यहां कुछ लोग कैंपर गाड़ी में सवार होकर आए और उन्होंने कहा कि अब यह उनकी जगह है, यहां जो भी खनन करेगा, उसकी वे पर्ची काटेंगे। इस पर ऊंट गाड़ी वालों ने आसपास के ग्रामीणों को बुला लिया। जब ग्रामीण एकत्र हुए तो कैंपर सवार लोगों ने ग्रामीणों को धमकाकर हवाई फायरिंग की और वहां से भाग गए। इस बारे में ग्रामीणों ने पुलिस को लिखित में भी शिकायत दी है।
विज्ञापन
बदल जाएगा नदी का स्वरूप
ग्रामीणों का कहना है कि यहां पर अवैध खनन नहीं होने देंगे। कुछ लोग यहां अवैध रूप से खनन को बढ़ावा देने की फिराक में हैं और लोगों को डरा धमका रहे हैं। उन्होंने बताया कि यदि नदी में अवैध रूप से खनन होगा तो नदी का स्वरूप ही बदल जाएगा और बाढ़ आदि का भी खतरा हो सकता है। वहीं किसानों को भी इससे काफी नुकसान होगा।