महेंद्रगढ़। गांव कुराहवटा में कई सालों से बिजली का प्लांट लगाया गया है, जिसके कारण ओवरलोड वाहन से गुजरते हैं। ओवरलोड वाहनों के चलते सड़क मार्ग बिल्कुल जर्जर हो चुका है, जिसके कारण लोगों परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ओवरलोड वाहनों से परेशान ग्रामीणों ने रविवार की सुबह मांडोला-जैरपुर जाने वाले सड़क मार्ग सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक जाम लगा दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने कई घंटों बाद जाम खोला। सरपंच प्रतिनिधि राहुल, बजरंगलाल शर्मा, बाबूलाल यादव ने बताया कि गांव में बने बिजली प्लांट में प्रतिदिन करीब 60 ओवरलोड वाहन गांव की गलियों से होकर गुजरते हैं। ओवरलोड वाहनों के कारण गांव की सड़क बिल्कुल क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिसके कारण बरसात के मौसम में ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने बताया कि गांव की गलियां काफी छोटी है तथा बिजली प्लांट में जाने वाले क्षमता से अधिक वजन लेकर गलियों से गुजरते हैं, जिस कारण ग्रामीणों कुछ ना कुछ नुकसान उठाना पड़ता हैं। शनिवार की देर रात को एक पराली से भरे ट्रैक्टर ने गांव के घर में घुस गया, जिसके बाद मकान क्षतिग्रस्त हो गया। सुबह करीब आठ गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। जाम की सूचना के बाद सिटी थाना प्रभारी मूलचंद तंवर व सदर थाना प्रभारी दुलीचंद ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अडिग रहे। इसके बाद तहसीलदार मदनलाल शर्मा मौके पर पहुंचे तथा एसडीएम हर्षित कुमार ने फोन पर ग्रामीणों से बात करके उन्हें समझाया। इसके बाद आरटीओ के इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने मौके पर पहुंचकर 17 ट्रैक्टर के चालान किए। तहसीलदार ने ग्रामीणों की सभी मांगों को पूरा करने के आश्वासन दिया। जिला प्रशासन के अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। सोमवार को एसडीएम मौके पर जाकर ओवरलोड वाहनों का स्थाई समाधान करेंगे। इस मौके पर विधायक राव दानसिंह, समाजसेवी बालवान फौजी, ओमप्रकाश सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।