पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक माह में करीब 15 लाख रुपये की ठगी कर चुका है। आरोपी पर यूपी के अलीगढ़, फरीदाबाद व चंडीगढ़ में भी मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिला लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले शातिर ठग को पकड़ने में जिला पुलिस को कामयाबी मिली है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव मौखुता के एक व्यक्ति को झांसे में लेकर क्यूआर कोड भेज उसके खाते से 27 हजार रुपये निकाल लिए थे। शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सद्दाम हुसैन निवासी मामलिका नूंह (मेवात) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 22 अप्रैल को नारनौल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। आरोपी के पास से पुलिस ने 27 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। जबकि, आरोपी के बैंक खाते में करीब पांच लाख रुपये की राशि को सीज कर दिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपित को कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान आरोपित से पूछताछ की गई और ठगे गए पैसों की बरामदगी की गई। आरोपित सद्दाम के खिलाफ ऑनलाइन ठगी के अलीगढ़, फरीदाबाद व चंडीगढ़ में भी मामले दर्ज हैं। आरोपित ने एक माह में करीब 15 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की है। रिमांड पूरा होने पर आरोपी को सोमवार कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।