कुरुक्षेत्र/पिहोवा। अमृतसरिया फार्म के निकट बाइक की टक्कर लगने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। आरोपी चालक बाइक चलाते हुए मोबाइल का इस्तेमाल कर रहा था। हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि महिला को बेहोशी की हालत में पिहोवा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। मृतक की शिनाख्त जेनब हाल निवासी क्वार्तन जिला कैथल के रूप में हुई।
थाना सदर पिहोवा में दर्ज शिकायत में राकिब अली निवासी क्वार्तन ने बताया कि वह गांव के एक व्यक्ति के पास खेतीबाड़ी का काम करता है। उसकी पत्नी जेनब दोनों बच्चों के साथ अपने मायके हलालपुर गांव जिला सहारनपुर गई थी। उनको लेकर वह बाइक से क्वार्तन लौट रहा था। जैसे ही वह गलेडवा को क्रॉस करके अमृतसरिया फार्म के मोड़ पर पहुंचा तो सामने से मोबाइल चलाते हुए बाइक पर आ रहे युवक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसकी पत्नी व सात महीने का बच्चा सड़क पर गिर गए। सड़क पर गिरते ही उसकी पत्नी बेहोश हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। किसी तरह उसने अपनी बेसुध पत्नी को पिहोवा के निजी अस्पताल पहुंचाया। यहां भी उसकी पत्नी को होश नहीं आया और उपचार के दौरान उसकी पत्नी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।