फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Kurukshetra News ›   Principal and Deputy Prime minister for Napa ladwa polling, ballot seals, Kurukshetra

लाडवा नपा के प्रधान व उपप्रधान पद के लिए मतदान संपन्न, मतपत्र सील

Tue, 05 Jul 2016 01:05 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, कुरूक्षेत्र
ब्यूरो/अमर उजाला, कुरूक्षेत्र Updated Tue, 05 Jul 2016 01:05 AM IST
विज्ञापन
Principal and Deputy Prime minister for Napa ladwa polling, ballot seals, Kurukshetra
पालिका कार्यालय के बाहर उपस्थित महिला पार्षद - फोटो : Amar Ujala

विज्ञापन
लाडवा नगरपालिका के प्रधान व उपप्रधान पद के चुनाव में सोमवार को पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेश पर मतपत्रों को सील कर दिया गया है, जिन्हें मंगलवार को उच्च न्यायालय में सौंपा जाएगा। चुनाव परिणाम की घोषणा उच्च न्यायालय द्वारा की जाएगी।

सोमवार को पालिका प्रधान व उपप्रधान के चुनाव को लेकर मतदान का समय 12 बजे दोपहर रखा गया था। चुनाव अधिकारी व जिला एडीसी राजेश जोगपाल करीब साढ़े दस बजे लाडवा नगरपालिका कार्यालय में पहुंच गए और चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। चुनाव के लिए एसपी गुरमेल सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल का  प्रबंध किया गया था। पालिका परिसर में पार्षदों के अतिरिक्त किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
विज्ञापन


ठीक बारह बजे लाडवा के विधायक डॉ. पवन सैनी पांच पार्षदों के साथ पालिका कार्यालय पहुंचे। इसके बाद सांसद राजकुमार सैनी और थानेसर के विधायक सुभाष सुधा लाडवा नगरपालिका कार्यालय पहुंच गए। सांसद के पहुंचने के कुछ ही देर बाद शेष दस पार्षद पालिका कार्यालय में पहुंचे और चुनाव प्रक्रिया शुरू की हुई। सभी पार्षदों को  एडीसी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद चुनाव का काम शुरू किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


प्रधान पद के लिए 15 पार्षदों, सांसद व विधायक ने वोट डाले। जबकि उपप्रधान के लिए 15 पार्षदों व विधायक ने ही मत का प्रयोग किया। सांसद सैनी ने उपप्रधान पद के लिए अपना वोट नहीं डाला। मतदान के बाद अतिरिक्त उपायुक्त ने दोनों पेटियों से अलग-अलग मतपत्र निकाल कर सील किए, जिनपर पार्षदों ने अपने हस्ताक्षर किए। इन मतपत्रों को मंगलवार को उच्च न्यायालय में पेश किया जाना है।

चुपचाप निकल लिए हलका विधायक डॉ. सैनी
मतदान समाप्त होते ही विधायक डॉ. पवन सैनी अपनी गाड़ी में बैठकर बिना किसी से बात किए चुपचाप निकल गए। वहीं सांसद राजकुमार सैनी ने मतदान के बाद अपनी गाड़ी में बैठते हुए अपनी उंगलियों से विजयी निशान बनाया। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने दावा किया लाडवा नगरपालिका में प्रधान भाजपा की ही बनेगा।

इनेलो पार्षद दिखे भाजपा के साथ
लाडवा में विजयी हुए तीनों इनेलो पार्षद सोमवार को खुलकर भाजपा के साथ दिखाई दिए। एक पार्षद विजेश शर्मा तो खुद विधायक की गाड़ी में बैठ कर ही पालिका कार्यालय पहुंचे थे। विजेश ने जहां प्रधान पद के लिए भाजपा की साक्षी खुराना के नाम का अनुमोदन किया, वहीं इनेलो की प्रीती शर्मा ने उपप्रधान पद  के लिए विजेश शर्मा के नाम का अनुमोदन किया। इनेलो के भाजपा के साथ गठजोड़ के बाद अब भाजपा खेमे से ही प्रधान बनने के कयास लगाए जा रहे हैं।

पालिका कार्यालय बनाया गया पुलिस छावनी
प्रधान  व उपप्रधान पद के चुनाव को लेकर लाडवा पालिका कार्यालय को पुलिस छावनी में  तबदील कर दिया गया था। पालिका कार्यालय को जाने वाले लाडवा-करनाल मुख्य  मार्ग पर इंद्री चाैंक व हिनौरी चौंक पर बेरिकेड लगाए गए थे। कार्यालय के  मुख्य द्वार को बंद करके उसपर पुलिस के सिपाही तैनात किए गए थे। पुलिस  बंदोबस्त का जिम्मा खुद पुलिस उपाधीक्षक शाहाबाद गुरमेल सिंह देख रहे थे।  यहां तक कि चुनाव को कवर करने गए आसपास के पत्रकारों को भी पुलिस ने पालिका  कार्यालय में नहीं जाने दिया।

थानेसर विधायक की पालिका कार्यालय में उपस्थिति पर रोष
पालिका कार्यालय में मतदान के दौरान थानेसर के विधायक सुभाष सुधा की उपस्थिति को लेकर पार्षदों के समर्थकों में बड़ा रोष था। विधायक सुधा मतदान से पहले लाडवा पालिका कार्यालय पहुंच गए थे और मतदान समाप्त होने के बाद सांसद राजकुमार सैनी की गाड़ी में उनके साथ बैठ कर वहां से गए। इस बारे में चुनाव  अधिकारी एडीसी राजेश जोगपाल ने कहा कि सुभाष सुधा मतदान की जगह पर उपस्थित नहीं थे। मतदान की जगह उनके अतिरिक्त केवल 15 पार्षद, सांसद राजकुमार सैनी  व विधायक पवन सैनी ही थे।

पार्षदों का देश भ्रमण हुआ समाप्त
लाडवा के नवनिर्वाचित 15 पार्षदों में करीब दस पार्षदों का देश भ्रमण का अतिव्यस्त कार्यक्रम भी प्रधान पद के चुनाव में मतदान होते ही समाप्त हो गया। पार्षदों का चुनाव 22 मई को हुआ था और उसके बाद से ही प्रधान पद के दावेदार दोनों खेमों ने महिला पार्षदों के पतियों व अन्य पार्षदों को लगातार लाडवा से दूर रखा था। ये पार्षद हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा,  दिल्ली व झारखंड सहित अनेक राज्यों के मनोरम स्थलों के दौरे पर रहे। चुनाव  होने से एक दिन पहले ही सभी पार्षद लाडवा पहुंचे।


ईवीएम मशीन के बजाय मतपत्रों से हुआ चुनाव
लाडवा  में प्रधान व उपप्रधान पद के लिए ईवीएम मशीन की जगह मतपत्रों का प्रयोग  किया गया। चुनाव अधिकारी व एडीसी राजेश जोगपाल ने बताया कि उच्च न्यायालय  द्वारा सांसद, विधायक व पार्षदों द्वारा डाले गए मतों को अलग-अलग मांगने के  बाद मतदान मतपत्रों से कराने का निर्णय किया गया। उन्होंने बताया कि  मतपत्रों को उच्च न्यायालय के आदेशानुसार अलग-अलग सील कर दिया गया है और  मंगलवार को उन्हें उच्च न्यायालय में पेश किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed