कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के एमबीए दो वर्षीय और एमबीए पांच वर्षीय कोर्स के नौ विद्यार्थियों का चयन कैंपस ड्राइव के माध्यम से एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में हुआ है। कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी। प्रशिक्षण, प्रशिक्षुता और रोजगार केंद्र के कोऑर्डिनेटर डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया कि एसबीआई कंपनी के क्षेत्रीय मानव संसाधन मैनेजर याजुवेंद्र सिंह, एचआर मैनेजर केतन आनंद, क्षेत्रीय महाप्रबंधक अजय कुमार मलिक ने विश्वविद्यालय में आकर कैंपस ड्राइव व साक्षात्कार के माध्यम से इन विद्यार्थियों का चयन किया। ड्राइव में करीब 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
चयन की प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, सामूहिक परिचर्चा और व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल रहे। चयनित विद्यार्थियों में सौरभ, हुनर, सुमित कुमार, प्रिंस, भारत, काजल, सुरभि, आंचल और मनीषा कुमारी शामिल हैं। इन विद्यार्थियों को 4.5 लाख रुपये वार्षिक वेतन दिया जाएगा और अंतिम परीक्षा के बाद जुलाई में ये विद्यार्थी कंपनी को ज्वाइन करेंगे। विभागाध्यक्ष प्रो. सुशील शर्मा, आईएमएस निदेशक प्रो. अनिल मित्तल, केयूसीटीआईई के इंचार्ज प्रो. जसविंद्र कुमार ने चयनित विद्यार्थियों प्रोत्साहित किया।