घरेलू पशुओं को सड़कों पर बेसहारा छोड़ा तो 5 हजार रुपये का जुर्माना देना होगा। इसके लिए नगर वासियों को 3 दिन का समय दिया गया है। इसके बाद प्रशासन की ओर से कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त भारत भूषण गोगिया की ओर से सोमवार को दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
अमर उजाला ने 14 अगस्त के अंक में सड़कों पर बेसहारा पशुओं से हो रही समस्या को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद निगम प्रशासन हरकत में आया और बेसहारा पशुओं को गोशाला पहुंचाने की मुहिम तेज कर दी। डीएमसी भारत भूषण गोगिया ने कहा कि शहर में अधिकतर लोग पालतू पशुओं को बेसहारा सड़कों पर छोड़ देते हैं। इस कारण शहर में लगातार बेसहारा पशुओं की संख्या बढ़ रही है। नगर परिषद प्रयास कर रहा है कि बेसहारा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं तक पहुंचाया जाए। नगरपरिषद ने एक प्राथमिक सर्वे में पाया है कि अधिकतर बेसहारा पशु लोगों के पालतू हैं, अगर इन पशुओं को घर में ही बांध लिया जाए तो इनकी संख्या एक दम कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि बेसहारा पशुओं को गोशालाओं तक पहुंचाया जाए और इसे सड़कों पर छोड़ने वाले लोगों की भी पहचान कर सूची तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि तीन दिन के बाद सड़कों पर पालतू पशु मिलने पर संबंधित व्यक्ति पर पांच हजार रुपये जुर्माना किया जाएगा।