कुरुक्षेत्र। यूरोप भेजने के नाम पर सब्जी बेचने वाले से चार लाख रुपये और उसका मकान हड़पने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को नामजद किया है। आरोपी जसमेर निवासी तरावड़ी जिला करनाल ने शिकायतकर्ता को 12 लाख रुपये में यूरोप भेजकर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था।
थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में सुखबीर सिंह निवासी बजीदपुर ने बताया कि वह सब्जी की रेहड़ी लगाता है। वर्ष 2021 में उसकी मुलाकात आरोपी जसमेर से हुई थी। जनवरी 2023 में आरोपी ने उसे यूरोप भेजकर अच्छी नौकरी लगवाकर सैटल करने का आश्वासन दिया था। इस एवज में आरोपी ने उससे 12 लाख रुपये मांगे थे, मगर उसने पैसे का इंतजाम न होने पर मना कर दिया था। बाद में आरोपी ने उसे अपना मकान आठ लाख रुपये में उसको बेचने और चार लाख रुपये लोन कराने की सलाह दी थी। मकान की राशि वह उसे यूरोप भेजने में लगा देगा, लेकिन आरोपी ने धोखाधड़ी से उसके मकान का एग्रीमेंट अपने नाम पर लिखवा लिया था और उससे आठ लाख रुपये वसूलने का शपथ ले लिया। इसके अलावा उसने अपने व अपनी पत्नी के नाम पर अलग-अलग जगह से चार लाख रुपये का लोन लेकर आरोपी को दिए। आरोपी ने उसका मकान भी खाली करवा लिया और उसका पासपोर्ट, एग्रीमेंट, शपथपत्र व अन्य कागज भी उससे ले लिए थे। वहीं आरोपी ने विश्वास के तौर पर उसे उसका हस्ताक्षर किया हुआ खाली चेक दिया था। कई महीने बीत जाने के बाद भी आरोपी ने उसे विदेश नहीं भेजा। आरोपी अलग-अलग बहाने बनाकर टालमटोल करने लगा। 26 जुलाई को वह आरोपी से मिला तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।