कुरुक्षेत्र। स्पॉन्सर मंगवाकर ऑस्ट्रेलिया का टूरिस्ट वीजा दिलवाने के नाम पर पांच की लाख धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने एक दंपती को नामजद किया है। दंपती ने शिकायतकर्ता को 10 लाख में वीजा दिलाने का आश्वासन दिया था, जिसमें आरोपी दंपती ने पांच लाख रुपये एडवांस लिए थे। साथ ही काम न होने पर गारंटी के तौर पर चेक भी दिया था।
थाना लाडवा में दर्ज शिकायत में नवीन कुमार निवासी छारपुरा ने बताया कि वह टूरिस्ट वीजा ऑस्ट्रेलिया जाना चाहता था। इसी दौरान वह आरोपी वीरेंद्र और उसकी पत्नी से उनके कार्यालय में मिला। आरोपियों ने आश्वासन दिया कि वह ऑस्ट्रेलिया से स्पॉन्सर मंगवाकर टूरिस्ट वीजा लगवा देंगे। इस एवज में उससे 10 लाख रुपये की मांगे गए, जिसमें आधी रकम एडवांस जाम करनी थी। 10 फरवरी को उसने पांच लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। तब आरोपियों ने उससे एक माह का समय मांगा, मगर एक माह से अधिक का समय बीतने के बाद उसने आरोपियों से संपर्क किया तो उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोपियों के टाल मटोल करने पर उसने अपने पांच लाख रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे 4.70 लाख रुपये का चेक थमा दिया। आरोपियों ने खर्च के नाम पर 30 हजार रुपये काट लिए, मगर उसने चेक बैंक में लगाया तो बैंक से जानकारी मिली कि यह खाता पिछले तीन साल से बंद पड़ा है। उसने दोबारा अपने पैसे मांगे तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। संवाद