अब जिलेभर के सभी राजकीय विद्यालयों में मॉडल पीटीएम (आदर्श शिक्षक-अभिभावक बैठक) होगी। शिक्षा विभाग ने इस मॉडल पीटीएम में बच्चों के अभिभावकों की सौ फीसदी हाजिरी को सुनिश्चित करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है। विभाग की ओर से अभिभावकों को पीटीएम में जुड़ने के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों विकल्प दिए हैं। यही नहीं, सभी स्कूलों के मुखिया को सभी विद्यार्थियों के अभिभावकों को मॉडल पीटीएम के साथ जोड़ने के लिए सख्त आदेश भी जारी किए हैं। विभाग द्वारा 27 व 28 अगस्त को जिलेभर के सभी विद्यालयों में मॉडल पीटीएम का आयोजन किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को सोमवार को देर सायं जारी आदेशों में कहा है कि 27 व 28 अगस्त को सभी राजकीय विद्यालयों में मॉडल पीटीएम (आदर्श शिक्षक-अभिभावक बैठक) का आयोजन किया जाएगा। सभी खंडों के सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय उच्च विद्यालय और राजकीय माध्यमिक विद्यालय और राजकीय प्राथमिक विद्यालय के मुखियाओं को मॉडल पीटीएम आयोजित करने के आदेश दिए गए हैं। सभी अधिकारी विद्यालय में अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं के माता-पिता व अभिभावकों को विभिन्न माध्यमों से, जिनमें कक्षा कक्ष में मौखिक एवं लिखित रूप से, फोन द्वारा, वाट्स एप ग्रुप में, एसएमसी, पंचायत, मंदिर व गुरुद्वारे के माध्यम से शामिल है, को आमंत्रित करना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालय मुखिया अपने स्टाफ की बैठक लेकर अध्यापकों से यह सूचना एकत्रित करना सुनिश्चित करेंगे की बच्चों के अभिभावक किस माध्यम से मॉडल पीटीएम में उपस्थित रहेंगे। सभी अध्यापकों को अपने कक्षा के प्रत्येक बच्चे का शैक्षणिक एवं पाठ्य सहगामी गतिविधियों, एवीएसएआर एप्लिकेशन पर एवं मेगा सर्वे की परफॉर्मेंस आदि के बारे में जानकारी होनी चाहिए। इस जानकारी को मॉडल पीटीएम के दौरान अभिभावकों से चर्चा करेंगे, जिन बच्चों के पास स्मार्ट फोन, इंटरनेट आदि की सुविधा नहीं है, उनके माता-पिता से फोन पर संपर्क करके कोविड-19 की एसओपी को ध्यान में रखते हुए व्यक्तिगत रूप से विद्यालय में आमंत्रित करके बच्चों की उपलब्धियों के बारे में चर्चा करेंगे। इस मौके पर डिप्टी डीईओ विनोद कौशिक भी उपस्थित रहे।