कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान में तीन दिवसीय ऑनलाइन ‘थिंक एंड डिजाइन’ थीम आधारित कार्यशाला का समापन हुआ। इस अवसर पर संस्थान की निदेशिका प्रो. बिंदु शर्मा ने कहा कि ग्राफिक्स एंड एनीमेशन कोर्स के अंतर्गत गत तीन दिनों में ग्राफिक्स एंड एनीमेशन इंडस्ट्री के विभिन्न विशेषज्ञों ने अपने क्षेत्र में हासिल विशेषज्ञ से विद्यार्थियों को शॉर्ट फिल्म के लिए स्क्रिप्ट लेखन, यूएक्स,यूआई मोबाइल ऐप डिजाइन, इमेज रिटचिंग विज्ञापन संबंधित एवं इनके संपूर्ण तकनीकि पहलुओं पर विस्तृत विचार रखे। फिल्म उद्योग, टीवी सीरियल उद्योग व वेब सीरीज उद्योग में हो रहे बदलावों को लेकर किस तरह के स्क्रिप्ट लेखन की आवश्यकता है और उसमें किस तरह के रोजगार की असीम संभावनाएं है इन सभी बदलते पहलुओं से विद्यार्थी लाभान्वित हुए। ऑनलाइन थिंक एंड डिजाइन’ कार्यशाला के प्रथम दिन संस्थान की एलुमनी स्क्रिप्ट लेखक विश्वज्योतमान ने व्याख्यान दिया। कार्यशाला के दूसरे दिन संस्थान के एलुमनी यूएक्स/यूआई डिजाइनर विशेषज्ञ प्रभजोत सिंह चावला ने कहा कि कोई भी डिजाइन किसी भी समस्या के समाधान पर आधारित होता है। इस समस्या के समाधान में शोध प्रमुख भूमिका निभाता है। कहा कि डिजाइन जीवन के हर पहलू पर अच्छा असर डालता है, क्योंकि हर वस्तु डिजाइन पर टिकी होती है बशर्ते हमारा माइंड और मशीन एक साथ कार्य करते हुए हमारे विचारों के अनुरूप उनकी छवि हमारे सम्मुख रखते है। कार्यशाला के तीसरे दिन संस्थान के एलुमनी एडीटो मीडिया के सीईओ अमुलक सिंह ने कहा कि विज्ञापनों में विजुअल कम्युनिकेशन की अहम भूमिका है, बिना इमेज के कोई भी विज्ञापन अधूरा ही रहता है। इसलिए एक बेहतरीन इमेज से श्रोताओं, दर्शकों, उपभोक्ताओं को हमेशा से ही प्रभावित किया जाता है। उन्होंने कहा कि किस तरह से इमेज रिटचिंग में विभिन्न सॉफ्टवेयरों का उपयोग करते हुए एक कैमरे से क्लिक की गई इमेज को विज्ञापन के लिए बेहतर और आकर्षक बनाया जाता है। कार्यशाला का संचालन सहायक प्राध्यापक राहुल अरोड़ा ने किया। इस अवसर संस्थान सहायक प्राध्यापक डॉ. मधुदीप, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. आबिद अली, गौरव कुमार, मोनिका दुआ, सुनीता, रितु, डॉ. रोशनलाल, कंवरदीप, नितिन चावला राकेश कुमार, सचिन कुमार, अमित कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।