कुरुक्षेत्र। गांव अढ़ोनी में 80 वर्षीय पुजारी योगीराज को गांव के ही पंकज नामक व्यक्ति ने शिवनाथ मंदिर के पास बुरी तरह पीटा। आरोपी ने लाठी से मारकर पुजारी को अधमरा किया और उनके गले में कपड़ा डालकर घसीटते हुए चौराहे पर फेंक दिया। घटना वीरवार सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। पुजारी रोज की तरह मंदिर की साफ-सफाई कर पूजा-पाठ की तैयारी कर रहे थे, तभी पंकज अपनी गाड़ी से वहां पहुंचा, उसके साथ उसका दोस्त इंद्र भी था। आरोप है कि पंकज ने पुजारी से गाली-गलौज शुरू की, अपनी पत्नी से लाठी मंगवाई और उन पर लगातार वार किए। हमले में पुजारी की एक टांग टूट गई, इसके बाद आरोपी ने उनके गले में कपड़ा डालकर उन्हें घसीटा और चौराहे पर फेंककर भाग गया। पुजारी करीब दो घंटे तक चौराहे पर पड़े रहे। सुबह करीब 6 बजे गांववालों को मंदिर के आसपास खून के निशान दिखाई दिए। खून के निशानों का पीछा करते हुए वे चौराहे पहुंचे और पुजारी को तुरंत लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि पुजारी शांत स्वभाव के व्यक्ति हैं और लंबे समय से मंदिर की सेवा कर रहे थे। कुछ समय पहले वे गांव छोड़कर चले गए थे लेकिन गांववालों के आग्रह पर दोबारा लौट आए थे। पंकज के खिलाफ पहले भी विवाद और शिकायतों की जानकारी सामने आई है। थाना सदर थानेसर के प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि सरपंच परमजीत सिंह से घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है। पुजारी का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।