Haryana Weather Update: कल से मौसम में बदलाव के आसार, बारिश की संभावना, छह तक रहेगा परिवर्तनशील
चार जनवरी की रात कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी, पांच जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
विस्तार
करनाल स्थित केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. डीएस बुंदेला ने बताया कि चार दिसंबर दोपहर बाद से मौसम में परिवर्तन की संभावना है। कैस्पियन सागर, एरल व ब्लैक सी से उठी प्राकृतिक हलचल का प्रभाव रविवार की शाम से तेजी से नीचे की ओर रुख कर गया है। जिसके चलते चार जनवरी की रात कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी, पांच जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
छह जनवरी तक हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील रहेगा। उन्होंने बताया कि रविवार को करनाल में अधिकतम तापमान 20.1 व न्यूनतम 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा। नमी सुबह शत प्रतिशत व दोपहर को 92 प्रतिशत रही। वाष्प दाब 15.4 एमएम रहा। हवा की औसत गति 0.5 किलोमीटर रही।
राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान के कृषि विज्ञान केंद्र स्थित जिला स्तरीय कृषि मौसम सेवा इकाई के मौसम विशेषज्ञ डॉ. योगेश कुमार ने कहा कि किसानों को चाहिए कि सोमवार को खेतों में तैयार सब्जी की फसल की तुड़ाई कर लें। फसलों में खाद-पानी की कार्ययोजनाएं मौसम के पूर्वानुमान से बनाएं। प्राकृतिक हलचल के प्रभाव के चलते ही सोमवार को अधिकतम तापमान में कुछ वृद्धि होगी।
गेहूं की फसल को होगा फायदा
मौसम की अनुकूलता गेहूं की किस्मों की क्षमता को देखते हुए इस बार बंपर उपज का अनुमान है। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार ही किसान खरपतवार नाशक का छिड़काव, खाद डालने और सिंचाई करने की कार्ययोजना बनाएं। आने वाले समय में जब धुंध बढ़ेगी तो कीट व बीमारियों को लेकर खेतों का निरीक्षण करें।
ज्यादातर रकबे में डीबीडब्ल्यू-303, डीबीडब्ल्यू-222, डीबीडब्ल्यू-187 व एचबी-3226 किस्में हैं। 303 व 187 किस्म जब 45 से 50 दिन की अवस्था में हो तो उसमें वृद्धि नियंत्रक (क्लोरम क्वाट क्लोराइड 0.2 प्रतिशत) दो मिलीलीटर मात्रा प्रति लीटर पानी में घोलकर एक छिड़काव मौसम खुलने पर कर दें। इन किस्मों में यह फायदेमंद रहेगा। यदि किसी किसान ने एचडी-2967 या एचडी-3086 किस्म लगाई है तो पीला रतुआ को लेकर सजग रहे। खेतों का नियमित निरीक्षण करें। - डाॅ. अनुज कुमार, प्रधान वैज्ञानिक, भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान, करनाल।
जनवरी 2021 में तापमान की स्थिति (डिग्री सेल्सियस)
तिथि अधिकतम न्यूनतम
- 01 12.8 3.5
- 02 9.0 5.8
- 03 16.6 10.1
- 04 20.0 10.5
- 05 23.5 15.1
- 06 16.8 13.2
- 07 21.0 13.2
- 08 15.2 8.0
- 09 17.4 9.6
- 10 19.2 8.0
-
दिसंबर 2021 में तापमान की स्थिति (डिग्री सेल्सियस)
तिथि अधिकतम न्यूनतम
- 25 20.3 7.0
- 26 20.6 7.0
- 27 16.0 7.5
- 28 25.8 7.6
- 29 21.7 7.5
- 30 19.4 3.2
- 31 18.2 4.2