{"_id":"61d4b3edf2e5071bd463dba8","slug":"social-boycott-of-the-family-of-the-young-man-for-doing-love-marriage-karnal-news-knl950278128","type":"story","status":"publish","title_hn":"करनाल: गांव की ही युवती से प्रेम विवाह करने पर युवक के परिवार का पंचायत ने किया सामाजिक बहिष्कार, पीटकर गांव से भगाने का आराेप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
करनाल: गांव की ही युवती से प्रेम विवाह करने पर युवक के परिवार का पंचायत ने किया सामाजिक बहिष्कार, पीटकर गांव से भगाने का आराेप
Wed, 05 Jan 2022 02:24 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो, करनाल (हरियाणा)
अमर उजाला ब्यूरो, करनाल (हरियाणा)
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Wed, 05 Jan 2022 02:24 AM IST
सार
युवक के परिजनों की शिकायत पर 13 लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। वहीं आराेप है कि पंचायत ने एलान किया है कि संबंध रखने वालों पर भी 50 हजार रुपये का जुर्माना लगेगा। युवक के पिता कहना है कि उसके छोटे बेटे ने उसकी मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह कर लिया। पंचायत ने फैसला दिया कि वह अपने बेटे को अपने पास नहीं रखेगा। उसे संपत्ति से बेदखल भी करेगा। यह दोनों कार्य उसने कर दिए, लेकिन दोबारा पंचायत बुलाई। जिसमें उसका व उसके परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने का फैसला किया।
विज्ञापन
सामाजिक बहिष्कार (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : social media
विस्तार
हरियाणा के करनाल में बुटाना थाना क्षेत्र में युवक द्वारा अपने ही गांव की दूसरे गोत्र की युवती से प्रेम विवाह किया गया। मामले में युवती के परिजनों की ओर से बुलाई गई पंचायत में युवक के परिवार को गांव से निकालने और सामाजिक बहिष्कार का फैसला सुनाया गया। साथ ही दाेबारा युवक के परिवार के गांव लौटने और उनसे संबंध रखने वालों पर भी 50 हजार रुपये जुर्माना लगाने का निर्णय सुनाया गया।
विज्ञापन
पंचायत होने के 15 दिन बाद दो जनवरी को जब युवक के परिजन गांव लौटे तो ग्रामीणों ने उन्हें मारपीट कर भगा दिया और उनके मकान पर ताला जड़ दिया। मामले में युवक के परिजनों की शिकायत पर युवती के परिजनों सहित 13 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
विज्ञापन
बुटाना थाने में ईशम सिंह द्वारा दी गई शिकायत में बताया गया कि उसके दो बेटे व दो बेटियां हैं। उसके छोटे बेटे ने गांव की ही अपनी जाति लेकिन दूसरे गोत्र की युवती से उसकी मर्जी के खिलाफ दिसंबर 2021 में प्रेम विवाह कर लिया। प्रेम विवाह के कारण युवती के परिजन उससे रंजिश रखने लगे और गांव में पंचायत बुलाई। जिसमें उसने बताया कि इस शादी में उसकी कोई भूमिका नहीं है, लेकिन पंचायत ने फैसला दिया कि वह अपने बेटे को अपने पास नहीं रखेगा। उसे संपत्ति से बेदखल भी करेगा। यह दोनों कार्य उसने कर दिए।
विज्ञापन
फिर भी युवती के परिजन संतुष्ट नहीं हुए और दोबारा पंचायत बुलाई। जिसमें उसका व उसके परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने का फैसला करते हुए एलान किया गया कि कोई भी व्यक्ति उसे दूध, पानी, फल, सब्जी व अन्य कोई भी राशन का सामान नहीं देगा और गांव के खेतों में भी घुसने पर रोक लगा दी। सार्वजनिक तौर पर घोषणा की गई कि अगर कोई भी व्यक्ति युवक के परिवार से संबंध रखेगा तो उस पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
इसके बाद 10 दिन पहले उसे मारपीट कर गांव से निकाल दिया। वह दो जनवरी को छिपकर घर पहुंचा तो लोगों ने देख लिया और उसके साथ मारपीट कर भगा दिया। तीन जनवरी को उसके घर में ताला लगा दिया। उपले के बिटोडे़ व पशुओं के छप्पर जला दिए। उसे अब जान-माल का खतरा बना हुआ है। गांव में अशांति का माहौल बना हआ है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गांव के ही 13 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।