{"_id":"57f152ac4f1c1bce4b575439","slug":"colony-legal-muniicipal-corporation-womens-festival-karnal","type":"story","status":"publish","title_hn":"कॉलोनी वैध कराने को आज से नगर निगम में व्रत रखेंगी महिलाएं ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कॉलोनी वैध कराने को आज से नगर निगम में व्रत रखेंगी महिलाएं
ब्यूरो/करनाल,अमर उजाला
Updated Mon, 03 Oct 2016 12:02 AM IST
विज्ञापन
अवैध कॉलोनी को वैध कराने को लेकर सोमवार से बसंत विहार से आंदोलन शुरू होगा। सैकड़ों महिलाएं कॉलोनी से पैदल मार्च करती हुई नगर निगम पहुंचेंगी और यहां पर नवरात्र के व्रत रखेंगी। इसके साथ ही कॉलोनी के अन्य सदस्य परिवार सहित नगर निगम में डेरा डालेंगे। यह फैसला संघर्ष समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि यह धरना और व्रत एक दिन का नहीं बल्कि अनिश्चितकालीन होगा। जब तक कॉलोनियों को वैध करने का पत्र लोगों को नहीं मिलेगा वे नगर निगम में ही डेरा डालेंगे। वार्ड नंबर एक के पार्षद व लोगों के आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां कर ली हैं।
विज्ञापन
बता दें कि सप्ताह पहले वार्ड नंबर एक के पार्षद राकेश कुमार बाघ सिंह के नेतृत्व में बसंत विहार कॉलोनी के लोगों ने शहर मेें जुलूस निकाला था और डीसी मनदीप सिंह को कालोनी को वैध करानेे का ज्ञापन सौंपा था। लोगों ने चेताया था कि अगर तीन अक्टूबर तक कालोनी वैध नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे। सोमवार को अल्टीमेटम समाप्त हो रहा है। ऐसे में पार्षद के नेतृत्व में बसंत विहार में 125 सदस्य संघर्ष समिति की बैठक हुई। बैठक में सोमवार से शुरू किए जाने वाले आंदोलन को लेकर रूपरेखा तैयार की गई।
विज्ञापन
समिति के सदस्यों बताया कि सैकड़ों की संख्या में कॉलोनी वासी कॉलोनी से जुलूस की शक्ल में नगर निगम पहुंचेंगे और वहां पर महिलाएं व्रत रखेंगी। पार्षद का दावा है कि इस मामले को लेकर उनकी दस पार्षदों के साथ बात हुई है, सभी ने इस मुद्दे का समर्थन किया है। इसलिए अन्य कालोनियों से भी लोग धरने में शामिल होंगे। बता दें कि नगर निगम ने सर्वे कराने के बाद 47 कॉलोनियों को वैध कराने को लेकर प्रपोजल बनाकर अनुमति के लिए सरकार के पास भेजा हुआ है। हालांकि, अभी तक सरकार की ओर से इस पर अनुमति नहीं दी गई है।
विज्ञापन
राजीव पुरम वेलफेयर एसो. भी उतरी समर्थन में
करनाल। मूलभूत सुविधाओं से वंचित और अनाधिकृत कॉलोनियों का नाम सुनकर लोगों का सब्र टूट गया है और सभी लोग एक मंच पर लामबंद हो गए हैं। वर्तमान सरकार बनने के काफी समय तक कॉलोनीवासियों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिली और वहां के निवासियों का आक्रोश फूट गया। यह विचार राजीवपुरम वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान बीएल टेकारिया और एमपी तोमर महासचिव ने विशेष मीटिंग में दी।
उन्होंने कहा कि अब जनता ने सरकार के खिलाफ आवाज उठाने का मन बना लिया है इसलिए नगर निगम करनाल के सामने धरना देने के लिये तीन तारीख से चलने वाले धरने में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने के लिये सभी अनाधिकृत कालोनियों पार्षदों द्वारा आह्वान किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एसोसिएशन पूरे जोर-शोर से इन अनाधिकृत कॉलोनियों के पार्षदों द्वारा चलाए जाने वाले अभियान में भाग लेगी। मौके पर आरपी शर्मा, एस.के. आहुजा, डीसी चंदेल, ईश्वर राणा, सुखचंद्र राणा, वीपी सिंह, अनिल चोपड़ा, डीपी कलसन, बीएल सहगल, कंवरलाल, मदन लाल, सतीश पांचाल, अमीर सिंह विर्क और अन्य सदस्यगण मौजूद थे।
इस बार आरपार की लड़ाई होगी। महिलाएं नगर निगम में व्रत रखेंगी तो पुरुष धरना देंगे। मैंने अन्य पार्षदों से भी बात की है, सभी ने साथ देने का वादा किया है। हमारा धरना अनिश्चितकालीन होगा। इसलिए वे इस बार कॉलोनियों को वैध करने वाला पत्र लेकर ही उठेंगे। अवैध कॉलोनियों के लोगों का जीना मुश्किल हो रहा है। लड़कों और लड़कियों के रिश्ते तक नहीं हो रहे हैं। अब करनाल से यह कलंक मिटाना है।
- राकेश कुमार बाघ सिंह, पार्षद।