चीका थाना के अधीन आने वाले एक गांव में ग्रामीणों द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर उनकी वर्दी फाड़ने का मामला सामने आया है। पुलिस ने चीका थाना में दो महिलाओं समेत सात लोगों के खिलाफ मारपीट, आपदा प्रबंधन अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
सब इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने चीका थाना में शिकायत दी है कि शुक्रवार को वे गांव थेहनेवल में दो पक्षों में हुए आपसी झगड़े को लेकर कार्रवाई के लिए पहुंचे हुए थे। इस दौरान सिपाही सुखविंदर, पाला राम व चालक भूप सिंह व सिपाही हरविंद्र भी मौजूद थे। इसके बाद मकान मालिक सुल्तान सिंह के सामने कई लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे। पुलिस टीम ने मामला शांत करवाने का प्रयास किया तो इस दौरान एक महिला ने गाड़ी पर पथराव किया और गाड़ी के पीछे की ओर से शीशे तोड़ दिए। पुलिस टीम ने इसका विरोध किया तो उन्होंने पुलिस के साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी। इसके बाद मामले की जांच करते हुए पुलिस ने आरोपियों मधु, धूफा, पखर, भान, सिंदर सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। जांच अधिकारी एएसआई विरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने दो महिलाओं सहित सात व्यक्तियों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।