कैथलः प्लॉट के विवाद में टॉवर पर चढ़ा व्यक्ति, सवा घंटे में आश्वासन के बाद नीचे उतरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सनसिटी के निकट स्थित मोतीबाग कॉलोनी में प्लाट पर कब्जे को लेकर सुनवाई ना होने का आरोप लगाकर एक व्यक्ति एक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और टॉवर की रॉड से गले में कपड़ा डालकर आत्महत्या की चेतावनी देने लगा। करीब सवा घंटे बाद एसएचओ सिटी के आश्वासन के बाद वह नीचे उतारा। उसने एसएचओ सिविल लाइन पर जमीन पर कब्जा ना दिलवाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
फ्रांसवाला रोड निवासी सुरेश सैनी की पत्नी किरण ने बताया कि सनसिटी में उन्होंने 1993 में प्लॉट खरीदा था, जो 3400 गज का है। उन्होंने आरोप लगाया कि वहीं प्लॉट बाद में भू-मालिक ने सीवन के रहने वाले डॉ. अजय बंसल को बेच दिया। व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उक्त प्लॉट के सभी जरुरी दस्तावेज उसके पास हैं। यहां तक कि रजिस्ट्री और इंतकाल सहित अन्य दस्तावेज उसने तैयार करवा रखे हैं। फिर भी दूसरे व्यक्ति ने पुलिस के साथ मिलकर उसके प्लॉट पर अवैध तरीके से नींव भरना शुरू कर दिया।
उसने सिविल लाइन थाना में शिकायत दी तो एसएचओ ने काम रुकवाने के नाम पर उससे दो लाख रुपये की मांग रखी। जब उसने रुपये देने से मना कर दिया तो पुलिस के साथ मिलकर दूसरे पक्ष के लोगों ने उस पर बंदूक तान दी और जान से मारने की धमकी दी। मौके पर पहुंचे सिटी थाना एसएचओ प्रदीप कुमार ने बताया कि व्यक्ति के टावर पर चढ़ने की सूचना उन्हें मिली थी। वे तुरंत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आश्वासन के बाद व्यक्ति टावर से नीचे आ गया। उन्होंने बताया कि जांच के बाद ही पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई की जाएगी। एसएचओ सिविल लाइन ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर कहा कि वे अभी व्यस्त हैं। बाद में बात करेंगे।
कई दिन से काट रहा चक्कर नहीं की जा रही सुनवाई
व्यक्ति के परिजनों ने बताया कि सुरेश पिछले तीन दिनों से कभी थाना तो कभी अन्य अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है। यहां तक कि वे सीएम विंडो पर भी इसकी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा उन्हीं को गोली मारने की धमकी देकर डराया-धमकाया जा रहा है। दो दिन पहले वह थाना में जांच के लिए कागजात लेकर गया तो उसे वहां बैठकर दूसरे पक्ष के साथ मिलकर नींव भरवाने का कार्य शुरू करवा दिया गया। उसकी जमीन से अवैध कब्जा नहीं हटवाया जा रहा।
सुरेश उसकी पत्नी किरण ने बताया कि प्लाट को लेकर दूसरे पक्ष के साथ उनका कोर्ट में भी केस चला था। जरूरी दस्तावेज उनके पास होने के कारण वे केस जीत गए थे। इसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। कई दिन से वह चक्कर काट रहा है लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं की जा रही है।
टॉवर पर चढ़कर बताई परेशानी, लगाए गंभीर आरोप
करीब तीन बजे सुरेश टॉवर पर चढ़ा और उसकी सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। उसने ऊपर से ही आवाज लगाकर बताया कि एसएचओ सिविल लाइन उसकी सुनवाई नहीं कर रहा। उसके प्लाट पर कब्जा करवाया जा रहा है। सूचना मिलते ही उसके परिजन भी मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतरने की अपील करते रहे। बाद में एसएचओ सिटी प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे और आश्वासन देकर उसे नीचे उतारा।