कलायत। श्री कपिल मुनि राजकीय महिला महाविद्यालय कलायत में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य सुनील गर्ग के मार्गदर्शन तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कविता रानी के संयोजन में किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेविकाओं के लिए विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। जिसमें राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, समाज सेवा में युवाओं की भूमिका तथा राष्ट्र निर्माण में स्वयंसेवकों के योगदान पर प्रकाश डाला गया। वक्ता ने विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सामुदायिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया। विशेष व्याख्यान के पश्चात महाविद्यालय परिसर में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण में अपना योगदान दिया। इस अवसर पर स्वयंसेविकाओं ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। प्राचार्य सुनील गर्ग ने स्वयंसेविकाओं को सेवा के माध्यम से व्यक्तित्व विकास को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कविता रानी ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम का समापन स्वयंसेविकाओं के उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता के साथ हुआ।

कालेज परिसर में सफाई अभियान को गतिमान किए स्वयंसेविकाएं।