कैथल। भीषण गर्मी के बीच पक्षियों की सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से श्री नर-नारायण सेवा समिति ने पिहोवा चौक पर सराहनीय कार्यक्रम आयोजित किया। इस अनूठी पहल के तहत समिति की ओर से सैकड़ों नागरिकों को पक्षियों के लिए मिट्टी के कसोरे और तुलसी के पौधे वितरित किए गए। समिति के प्रधान रविंद्र गर्ग ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मानव सेवा के साथ-साथ बेजुबान जीवों की सेवा करना भी हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था करना सबसे बड़ा पुण्य है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समाजसेवी सुमेर चौधरी और भूपेश अग्रवाल ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और लोगों को जीव दया के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर नगर पार्षद रोहन मित्तल, देवीदास राजराणा, डॉ. पल्लव, दिनेश ढुल, राजेश गर्ग, राजेश गोयल, अमित मित्तल आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों को अपनी छतों और आसपास के स्थानों पर पक्षियों के लिए दाना-पानी रखने का संकल्प भी दिलाया गया।

पिहोवा चौक पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मौजूद संस्था के सदस्य। विज्ञप्ति