डीसी सुजान सिंह ने शुक्रवार रात शहर में नाइट कर्फ्यू का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कर्फ्यू में नियमों का पालन करवाना सुनिश्चित करें। डीसी ने कहा कि आम जन के सहयोग से ही कोरोना वायरस के फैलाव को रोका जा सकता है।
कोरोना वायरस को रोकने के लिए हम सभी को जरूरी हिदायतों का पालन करना चाहिए। सभी सामाजिक, धार्मिक संस्थाएं इस दिशा में कार्य करते हुए लोगों को जागरूक करें। लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए तथा कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए नाइट कर्फ्यू लगाया गया है, जिसकी पालना सभी को करनी है। जो व्यक्ति इसकी उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ आपदा अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाएगी। डीसी के साथ डीएसपी दलीप सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाइट कर्फ्यू की पालना सुनिश्चित करें, ताकि कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। आम जन को विभिन्न माध्यमों के जरिए मास्क लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है, फिर भी जो व्यक्ति इसकी पालना नहीं कर रहा, नियमानुसार उनके चालान किए जा रहे हैं। कोरोना काल में अब तक 29 हजार 165 व्यक्तियों के चालान किए जा चुके हैं। डीसी ने देर रात करनाल रोड, पिहोवा चौक, शहीद पार्क, कमेटी चौक, वाल्मिकि चौक, माता गेट, आंबेडकर चौक, डोगरा गेट, प्रताप गेट, चंदाना गेट, भगत सिंह चौक, छात्रावास रोड, पुराना बस स्टैंड क्षेत्रों का दौरा किया।