शहर के सेक्टर सात में एक बुजुर्ग महिला को दो महिलाओं ने पानी में नशीला पदार्थ पिलाकर जेवरात व दो हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना को अंजाम देकर दोनों महिलाएं मौके से फरार हो गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात दो महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
टोहाना निवासी फूलो देवी ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 जून को वह स्वामी शालीग्राम आश्रम धमार्थ अस्पताल में आंखों की दवाई लेने के लिए आई थी। जब वह अस्पताल में अपने नंबर का इंतजार कर रही थी तो वहां पर उसे दो महिलाएं मिली और उससे बातचीत करने लगी। महिलाओं ने बताया कि वह भी नरवाना से आई हैं और सभी एक साथ चलेंगी। वह उनकी बातों में आ गई और दोनों महिलाएं उसे अपने साथ ले गई और उसको पानी के साथ नशीली गोलियां दे दी और वह बेसुध हो गई। जब थोड़ी देर के बाद होश आया तो वह सेक्टर सात में मिली। उसकी कानों की दो बालियां, एक तबीजी, एक सोने की अंगूठी, दो हजार रुपये की नकदी व मोबाइल गायब था। उसने बताया कि दोनों ही महिलाओं ने वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद वह घर पर पहुंची और वहां पर अपने परिजनों को जानकारी दी। सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिओम ने बताया कि बुजुर्ग महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर जेवरात व नकदी चुराने के आरोप में दो अज्ञात महिलाओं के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।