Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Jind News ›   Poison permeating the air, dust swirling on the roads, and generators running.

Jind News: हवा में घुल रहा जहर, एक्यूआई 354 पहुंचा, सड़कों पर उड़ रही धूल और चल रहे जनरेटर

Thu, 05 Nov 2026 12:16 AM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Thu, 05 Nov 2026 12:16 AM IST
विज्ञापन
Poison permeating the air, dust swirling on the roads, and generators running.
04जेएनडी26: सुबह आठ बजे आसमान में छाए धूल के कण। संवाद
जींद। जिले की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है। बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 354 पर पहुंच गया। यह बेहद खराब श्रेणी में है। हवा में घुला यह जहर अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। हालात चिंताजनक हैं।
विज्ञापन

एक तरफ प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रैप-2 लागू है, वहीं दूसरी तरफ शहर में निर्माण कार्य जारी हैं। शहर से गांवों तक नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। दिन में आदेश जारी होते हैं लेकिन रात होते ही प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियां तेज हो जाती हैं।
विज्ञापन

शहर में 10 से अधिक स्थानों पर सरकारी भवनों और अन्य परियोजनाओं का निर्माण चल रहा है। इसके अलावा करीब 100 मकानों का निर्माण भी जारी है। ऐसे में निर्माण कार्यों से उठने वाली धूल प्रदूषण की समस्या को और गंभीर बना सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

शहर में हांसी ब्रांच नहर के किनारे रात के अंधेरे में कूड़ा जलाया जा रहा है। गांवों में धान के अवशेषों को आग के हवाले किया जा रहा है। इनसे उठने वाला धुआं हवा को और जहरीला बना रहा है।
आज से 20 नवंबर तक निर्माण रहेंगे बंद
प्रशासन ने पांच से 20 नवंबर तक राजमार्गों, सड़कों, फ्लाईओवरों, ओवरब्रिजों और बिजली लाइनों, पाइपलाइनों व दूरसंचार से जुड़े निर्माण एवं विकास कार्य बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद शहर में नियमों का पालन होता नहीं दिख रहा। गोहाना रोड पर निर्माण कार्य जारी है। यहां पत्थरों की कटाई कर उन्हें सड़क के डिवाइडर पर लगाया जा रहा है। पत्थर काटने से उठने वाली धूल आसपास के वातावरण में फैल रही है। कई स्थानों पर जनरेटर भी चल रहे हैं। निर्माण सामग्री खुले में पड़ी है। सड़कों पर उड़ती धूल अलग से मुसीबत बढ़ा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब ग्रैप-2 लागू है तो इन गतिविधियों पर रोक क्यों नहीं लग रही? क्या संबंधित विभागों को नियमों की जानकारी नहीं है या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है?

प्रदूषण बढ़ने से अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ी, 200 से अधिक पहुंचे मरीज
नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने बताया कि एक्यूआई का बढ़ता स्तर स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इससे सांस लेने में परेशानी, खांसी, गले में जलन और आंखों में जलन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। अस्थमा के मरीजों को भी अधिक दिक्कत हो सकती है। सुबह और शाम खुले में सैर करने वालों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है। बुधवार को नागरिक अस्पताल में सांस, दमा, आंखों में जलन और बीपी की शिकायत लेकर करीब 200 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें लगभग 120 मरीज सांस और दमा की परेशानी से पीड़ित थे। वहीं, करीब 40 मरीज आंखों में जलन की शिकायत लेकर पहुंचे। इसके अलावा बीपी और तनाव संबंधी समस्याओं के 60 से अधिक मरीजों ने इलाज करवाया।

किसानों की मेहनत और पर्यावरण दोनों पर पड़ रहा असर
धान की कटाई के बाद खेतों में बचे अवशेषों को जलाने से निकलने वाला धुआं आसपास के गांवों तक ही सीमित नहीं रहता बल्कि हवा के साथ शहरों तक पहुंचता है। इससे वातावरण में धूल और धुएं के कण बढ़ते हैं। कृषि विभाग की ओर से किसानों को पराली प्रबंधन के लिए जागरूक करने और मशीनों के माध्यम से अवशेषों का निस्तारण करने के विकल्प बताए जाते हैं लेकिन रात के समय खेतों में आग लगाने की घटनाओं पर निगरानी कमजोर पड़ रही है।

चार विभागों की जिम्मेदारी लेकिन कार्रवाई का इंतजार

समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने बताया कि प्रदूषण पर लगाम लगाने की जिम्मेदारी अकेले किसी एक विभाग की नहीं है। नगर परिषद, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, कृषि विभाग और जिला प्रशासन को मिलकर काम करना होगा। निर्माण स्थलों का निरीक्षण करना होगा। कूड़ा जलाने वालों पर कार्रवाई करनी होगी। पराली जलाने की घटनाओं पर भी नजर रखनी होगी। सबसे जरूरी है रात के समय गश्त। क्योंकि प्रदूषण फैलाने वाली कई गतिविधियां अंधेरा होते ही शुरू हो जाती हैं। केवल बैठकें करने और आदेश जारी करने से हालात नहीं बदलेंगे। नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई भी जरूरी है। हवा जहरीली हो रही है। लोगों की सांसें मुश्किल में हैं। प्रशासन के आदेश कागजों पर हैं और नियमों की धज्जियां सड़कों से लेकर खेतों तक उड़ रही हैं।


वर्जन
जिले में वीरवार से राजमार्गों, सड़कों, फ्लाईओवरों, ओवरब्रिजों, स्थापित की जाने वाली बिजली की लाइनों, पाइपलाइनों व दूरसंचार से संबंधित निर्माण व विकास कार्य पूरी तरह से बंद किए जाएंगे। इसके लिए निर्देश दिए गए हैं। प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभाग कार्रवाई करेंगे। -मोनिका रानी, नगराधीश जींद।

04जेएनडी26: सुबह आठ बजे आसमान में छाए धूल के कण। संवाद

04जेएनडी26: सुबह आठ बजे आसमान में छाए धूल के कण। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article