फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Jind News ›   MLA and MP unhappy over the functioning of officials

अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर विधायक और सांसद नाखुश

Thu, 02 Jul 2020 11:33 PM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Thu, 02 Jul 2020 11:33 PM IST
विज्ञापन
MLA and MP unhappy over the functioning of officials
जिला समन्वय एवं निगरानी समित‌ि की बैठक में मौजूद अधिकारी। - फोटो : Jind
वीरवार को चौधरी रणबीर सिंह विवि में हुई जिला समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक हुई जिसमें सांसदों और विधायकों ने जिले के विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों से रिपोर्ट ली। इस दौरान अधिकारियों की कार्यप्रणाली से सभी विधायक और सांसद नाखुश नजर आए।
विज्ञापन

जींद के विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने तो यहां तक कह दिया कि वे डेढ़ साल से देख रहे हैं कि सरकार इतना पैसा दे रही है, लेकिन विकास नहीं हो रहा है। इस दौरान विधायक ने पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के अधिकारियों से कहा कि ‘थामनै किमे कसर तो छोड़ नी राखी, कोए एक सड़क दिखा दो जो चलने लायक हो।’ वहीं सांसद रमेश कौशिक व सांसद सुनीता दुग्गल ने भी अधिकारियों से कहा कि किसी और से नहीं तो भगवान से डरो। मीटिंग में सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह से सांसद रमेश कौशिक ने सांसद निधि कोष से भेजे गए 18 लाख रुपये के खर्च का ब्योरा मांगा तो वे नहीं दे पाए। इस पर उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
विज्ञापन

दरअसल मीटिंग में जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। मीटिंग शुरू होते ही जींद विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि पिछली मीटिंग की मिनट्स मुहैया करवाई जाएं। इसी से पता चलेगा कि कोई काम हुआ है या नहीं। उन्होंने कहा कि देखें तो अधिकारी हमें कितनी गंभीरता से लेते हैं। मिड्ढा ने कहा कि पूरी कमेटी साथ चले डीसी एक घंटे का समय दें शहर की किसी भी सड़क पर निकल जाओ, वह चलने लायक नहीं है। उन्होंने पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के एक्सईएन नवनीन नैन से कहा कि एक्सईएन साहब सबसे अधिक शिकायत आपके विभाग की हैं। शहर की सारी सड़कों का बुरा हाल है। इस दौरान जब एक्सईएन नवनीत नैन एक-एक कर सड़कों की स्थिति बताने लगे तो सांसद रमेश कौशिक ने उन्हें बीच में ही टोकते हुए कहा कि यह बताओ सड़कों का काम पूरा क्यों नहीं हो पाया।
विज्ञापन
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि शहर के सारे रोड देखे हैं हमनै शर्म आवै सै। थारा बेरा नहीं। इस पर एक्सईएन ने कहा कि तीन महीने का समय होता है, लेकिन सांसद ने कहा कि जल्दी भी तो कर सकते हो। अभी दस दिन बाद कह दोगे कि बारिश का मौसम आ गया। इसके बाद कह दोगे कि सर्दी आ गई।
एसपी कोठी के सामने वाली सड़क का उठा मुद्दा
इस दौरान विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने एसपी कोठी के सामने वाली सड़क का मुद्दा भी उठाया। इस पर एक्सईएन ने कहा कि 30 अगस्त तक यह सड़क पूरी तरह से तैयार हो जाएगी। ऐसे में सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि जब एसपी-डीसी के घरों के सामने यह हालत है तो बाकी शहर में स्थिति क्या होगी।
सफीदों के विधायक ने उठाया लुदाना अंडरपास का मामला
मीटिंग के दौरान सफीदों के विधायक सुभाष गांगोली ने लुदाना अंडरपास का मामला उठाया। उन्होंने रेलवे के एडीएन प्रतीक से कहा कि उन्होंने खुद 25 अप्रैल तक का समय मांगा था, लेकिन अभी तक कोई काम शुरू नहीं हुआ। इस पर सांसद रमेश कौशिक ने उन्हें टोकते हुए कहा कि कुछ हाथ-पैर भी हिला लिया करो। चंडीगढ़ जाओ और बात करो। विधायक ने कहा कि अपने तीनों मंचों पर उन्होंने यह मामला उठाया है। पीडब्ल्यूडी मंत्री, मुख्यमंत्री व विधानसभा में इस बारे में बात रखी है।
मनरेगा की रिपोर्ट पर भड़कीं सुनीता दुग्गल
मीटिंग में मनरेगा की रिपोर्ट पर सांसद सुनीता दुग्गल ने अपने क्षेत्र नरवाना की जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में बताया गया है कि कुल 27 काम स्वीकृत हुए हैं। इनमें से छह शुरू हुए हैं और पूरा एक भी नहीं हुआ है। इस पर जवाब देने वाले कर्मचारी ने कहा कि ‘मे बी’ इस पर सांसद सुनीता दुग्गल ने उन्हें कहा कि मे बी क्या होता है। आपके पास सही जानकारी होनी चाहिए।
सफाई मशीन पर बोले सांसद, इसके लिए सभी को ऊपर बात करनी चाहिए
मीटिंग में स्वच्छता के मुद्दे पर जींद के विधायक मॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि सरकार ने सफाई के लिए मशीन दी है, लेकिन इसके आते ही 70 सफाई कर्मचारियों को हटा दिया गया है। यह सही नहीं है। मशीन सिर्फ मुख्य सड़कों पर सफाई करेगी। कॉलोनियों में तो जरूरत है। ऐसे में सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि मशीन से तो बड़ी दिक्कत हैं। जो काम पांच लाख रुपये होते थे वे 30 लाख रुपये हो रहे हैं। इस पर सभी को ऊपर बात करनी चाहिए।
अधिकारी पर अवैध कब्जा करने वालों को बचाने के आरोप
इस दौरान जींद के विधायक कृष्ण मिड्ढा ने रायचंद वाला गांव में अवैध कब्जे नहीं हटाने के मामले में एक अधिकारी पर ही कब्जा करने वालों का साथ देने के आरोप लगाए। इस पर सांसद ने जब स्थिति जानी तो अधिकारी ने बताया कि इस मामले में दस दिन पहले ही उन्हें कमिश्नर अदालत के आदेश मिले हैं। अब दूसरा पक्ष हाईकोर्ट चला गया है। सांसद ने पूछा कि क्या हाईकोर्ट ने स्टे दे दिया। अधिकारी ने इससे मना कर दिया। इस पर विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि अधिकारी खुद कब्जा करवा रहे हैं। सांसद ने कहा कि क्या इंतजार किया जा रहा है कोर्ट द्वारा स्टे देने का। उन्होंने डीसी डॉ. आदित्य दहिया से कहा कि वे तुरंत पुुलिस बल की व्यवस्था करवाकर कब्ज हटवाएं।
एनएचएम का मुद्दा गर्माया
विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने मीटिंग में एनएचएम के एजेंडा के दौरान एएमओ भर्ती में हुए भ्रष्टाचार का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि डीसी की नाक के नीचे भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने सिविल सर्जन से पूछा कि चालकों के मामले में क्या चल रहा है तो इस पर सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने कहा कि इसमें दो चालक निकाले जाएंगे। ऐसे में सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि जिन अधिकारियों ने गड़बड़ी की है उनका क्या होगा। इस पर सिविल सर्जन ने कहा कि यह कार्रवाई जिला स्तर से नहीं हो सकती।
सांसद ने मांगा हिसाब
एनएचएम के ही एजेंडा में सांसद रमेश कौशिक ने उनके द्वारा दी गई 18 लाख रुपये की सांसद निधि ग्रांट के खर्च की जानकारी मांगी। इस पर सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने कहा कि इसमें 11 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। सांसद ने जब खर्च की जानकारी मांगी तो इसका जवाब सिविल सर्जन नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि पीपीई किट व मास्क खरीदे गए हैं। सांसद ने कहा कि 150-200 रुपये की पीपीई किट आती है, कितने की खरीदी। सिविल सर्जन ने कहा कि 650 रुपये की।
जिसने कोरोना में भी मिस यूज किया भगवान उसे माफ नहीं करेंगे
सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि देश संकट के समय में है। यदि कोई कोरोना में भी गड़बड़ी करता है तो भगवान उसे माफ नहीं करेगा। सिर्फ भगवान से डरो किसी से नहीं। जब तक अपनी आत्म नहीं कहेगी, खर्च का कोई फायदा नहीं। ऐसे में सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि सोने से पहले एक बार अपने काम के बारे में सोचना चाहिए। यह तो परमात्मा का आशीर्वाद है।
मंदिरों का पैसा तो ठीक से लगा देना
विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि सरकार से इतना पैसा लाए हैं, लेकिन कहीं खर्च नहीं हो रहा। मंदिरों के लिए पैसा आया है, लेकिन कहीं भी काम नहीं हो रहा। इस पर विधायक ने कहा कि मंदिरों को पैसा तो अच्छे से लगा देना। नहीं तो इसका हिसाब साथ ही हो जाता है।

केंद्रीय मंत्री करेंगे ग्रीन फील्ड हाईवे का शिलान्यास
सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि इसी माह केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सोनीपत-जींद ग्रीन फील्ड हाईवे का शिलान्यास करेंगे। साथ ही वे जींद से पंजाब सीमा तक बने फोर लेन राजमार्ग का उद्घाटन भी करेंगे। उन्होंने एनएचएआई के परियोजना निदेशक से पूछा कि रोहतक-जींद फोरलेन की क्या स्थिति है। उन्होंने इस पर जल्द काम शुरू होने की बात कही।

 मीटिंग में मौजूद सांसद, विधायक  और अधिकारी।

मीटिंग में मौजूद सांसद, विधायक और अधिकारी।- फोटो : Jind

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed