हैवानियत: मजदूरी दिलवाने के बहाने महिला को राजस्थान से लाए जींद, किया सामूहिक दुष्कर्म
मामले में राजस्थान के तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
राजस्थान के सवाई माधोपुर जिला निवासी एक 20 वर्षीय महिला को हरियाणा के जींद में मजदूरी दिलवाने के बहाने लाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में शहर थाना पुलिस ने राजस्थान के माधोपुर जिले के अरनिया गांव निवासी सोनू व शरीफ, ठेकेदार चरण सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
राजस्थान के जिला सवाई माधोपुर निवासी एक 20 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी राजस्थान निवासी चरणसिंह मीना से जान पहचान थी जो जींद में पत्थर लगाने के कार्य का ठेका लेता है। चरण सिंह मीना उसे मजदूरी दिलाने का झांसा देकर जींद ले आया और रेलवे स्टेशन के पास किराये पर कमरा दिलवा दिया था।
18 दिसंबर को उसका पति काम पर गया हुआ था। पीछे से गांव अरनिया जिला माधोपुर निवासी सोनू, शरीफ तथा ठेकेदार चरण सिंह उसके कमरे पर आए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद तीनों ने 20 दिसंबर को दोपहर बाद फिर वहां आए और जान से मारने की धमकी देकर फिर से सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद पीड़िता वापस अपने गांव लौट गई और इस बारे में अपने परिजनों को जानकारी दी। वहां गगनपुर थाना में तीनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी।
गगनपुर थाना ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जीरो एफ आईआर शहर थाना जींद को भेज दी। शहर प्रभारी दिनेश ने बताया कि राजस्थान से आई जीरो एफआईआर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।