नरवाना। फरैण कलां गांव में धन्यवाद समारोह में पहुंचे सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के सामने गांव की महिला ने गंदे पानी को लेकर शिकायत दी। कार्यक्रम के दौरान एक ग्रामीण महिला गंदे पानी की बोतल लेकर कैबिनेट मंत्री के सामने पहुंच गई। महिला ने कहा कि गंदे पानी से बीमार होने का खतरा बना हुआ है। इस पर संज्ञान लेते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने मौके पर ही पब्लिक हेल्थ के एसडीओ को बुलाया और गंदे पानी की समस्या को लेकर जांच करने बारे निर्देश दिए।
इसके बाद बेदी ने करीब 50 मांगों में शमशान घाट की चाहरदीवारी, सभी रास्तों और गलियों को पक्का करना, सामुदायिक केंद्र, अनुसूचित जाति चौपाल, पिछड़ा वर्ग चौपाल, वाल्मीकि चौपाल सहित सभी सार्वजनिक भवनों का नव निर्माण या जीर्णोद्धार, ई-लाइब्रेरी गांव के धार्मिक स्थलों तक जाने वाले रास्तों को पक्का करना, सड़कों का विस्तारीकरण और पेयजल व्यवस्था की मांगों को मंजूर किया। इन सभी मांगों को पूरा करने में जितनी लागत आएगी। उसकी अनुमानित धनराशि की मंजूरी दे दी जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने 50 लाख रुपये की अनुदान राशि ग्राम पंचायत को अपने जरूरतों के अनुसार गांव के अन्य कार्यों पर खर्च करने के लिए भी देने की घोषणा की।