शहर के बस स्टैंड के निकट दो शातिर युवकों ने एक महिला को बातों में उलझा कर उससे सोने की चेन और अंगूठी ठग ली। महिला को जब अपने साथ हुई ठगी का आभास हुआ तो उसने उनकी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं लग पाया। बाद में भुक्तभोगी महिला ने शहर थाना पुलिस में शिकायत देकर ठगों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
शिकायतकर्ता बैंक कॉलोनी निवासी अन्नू ने बताया कि वह सामान लेने के लिए बाजार गई थी। जब वह सामान लेकर कमेटी चौक पर घर जाने के लिए रिक्शे का इंतजार कर रही थी तो इसी दौरान उसके पास एक युवक आया। उससे मदद मांगते हुए कहा कि उसके मालिक ने उसे सैलरी नहीं दी। आप मुझे कुछ पैसे दे दो। जब वह युवक को पैसे देने लगी तो एक युवक और वहां आया और कहने लगा कुछ पैसे मैं भी दे देता हूं। अन्नू के अनुसार जब उसने पूछा कि कितने पैसे चाहिए तो वह कहने लगा 800-900 रुपये। फिर युवकों ने स्वयं भी पानी पीया और उसे भी पिलाया। इसके बाद वह उनके साथ बस स्टैंड के निकट आ गई। बस स्टैंड पर आने के बाद दोनों युवकों ने उसे बातों में उलझा कर सोने की चेन और अंगूठी ठग ली। इसके बाद वह रिक्शे में बैठकर अपने घर के लिए चली तो शिव चौक के पास उसे ठगी का आभास हुआ। इसके बाद उसने युवकों की तलाश की, मगर उनका सुराग नहीं लगा। पुलिस ने कसे दर्ज कर शातिरों की तलाश शुरू कर दी है। अभी उनका कोई सुराग नहीं लगा है।