झज्जर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मातनहेल में चल रहा सात दिवसीय एनएसएस शिविर रविवार को संपन्न हो गया। समापन समारोह में अनिल कुमार ढुल जिला एनएसएस संयोजक ने मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत की। डॉ. संदीप कुमार असिस्टेंट प्रोफेसर दुजाना व सरपंच मातनहेल विजयता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वैसे तो नियमित रूप से स्कूल प्रांगण को साफ सुथरा रखने में एनएसएस स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है, लेकिन आज विशेष रूप से स्कूल प्रांगण को साफ करके एनएसएस स्वयंसेवकों ने एक सक्रिय एनएसएस स्वयंसेवक होने का परिचय दिया।
मुख्य अतिथि अनिल कुमार ने स्वयंसेवकों को उनके द्वारा किए गए कार्यों के लिए बधाई दी। उन्होंने स्वयंसेवकों से कैंप में सभी गतिविधियों पर चर्चा की। उन्होंने इस प्रकार के कार्यक्रमों में स्वयंसेवकों को बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वयंसेवकों को साइबर क्राइम के बारे में भी अवगत करवाया। इस मौके पर प्राचार्य श्री सुरेश पाल द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया और स्वयंसेवकों द्वारा की गई सभी गतिविधियों के बारे में बताया गया। सरपंच विजय लता ने स्वयंसेवकों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर श्रीमती सीना ने इस अवसर पर बच्चों को अपनी आगामी परीक्षाओं पर ध्यान देने की सलाह देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।