बेरी। कस्बे में पिछले कुछ समय से लगातार हो रही मौतों के कारण क्षेत्र में चिंता और भय का माहौल बना हुआ है। इसी को देखते हुए रविवार को कस्बे के प्रसिद्ध बोड़ा कुआं महादेव मंदिर में क्षेत्र की सुख-शांति और जनकल्याण के लिए कादयान खाप के प्रधान व नगर पालिका चेयरमैन देवेंद्र उर्फ बिल्लू पहलवान के नेतृत्व में पंडित सुनील ने हवन-यज्ञ किया। चेयरमैन ने बताया कि यह हवन क्षेत्र की शांति, लोगों के अच्छे स्वास्थ्य और समाज में भाईचारे की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से कराया गया है। श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव से प्रार्थना की कि क्षेत्र में शांति बनी रहे और लोगों का जीवन सुरक्षित व सुखमय हो। मौके पर पीतांबर शर्मा, रामधन जागड़ा, मनीष, आशीष शर्मा, वंश शर्मा, राजेश, वेदप्रकाश मौजूद रहे।