झज्जर: टैक्सी चालक से लिफ्ट मांगी और पिस्तौल के बल पर स्विफ्ट व नकदी लूटी, तीन युवकों ने दिया वारदात को अंजाम
चरखी दादरी के झोझू खुर्द गांव निवासी गुरुग्राम से अपने घर जा रहा था। इस दौरान तीन युवकों ने यह वारदात की। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
हरियाणा के झज्जर जिले के बेरी क्षेत्र में छुछकवास-ग्वालीशन मार्ग पर वीरवार रात करीब 9 बजे मारोत मोड़ के पास तीन युवक टैक्सी चालक की कनपटी पर पिस्तौल लगा कर नकदी व कार लूट ले गए। टैक्सी चालक ने राहगीर से फोन लेकर डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। युवकों ने झज्जर के रेलवे फाटक पर कार चालक से लिफ्ट मांगी और किराया देने पर भी सहमति जताई थी।
पुलिस को दी शिकायत में चरखी दादरी जिले के गांव झोझू खुर्द निवासी विकास ने बताया कि करीब 2 माह पहले गांव छपार के उमेद सिंह से स्विफ्ट कार खरीदी थी और गाड़ी का रजिस्ट्रेशन भी उसके नाम पर है। एक सप्ताह पहले उसने कार को गुरुग्राम के सेक्टर 29 की कंपनी मेें लगाया था। वह गुरुवार की रात को कार को लेकर अपने गांव झोझू खुर्द जा रहा था।
जब वह ग्वालीशन रोड पर झज्जर फाटक के पास पहुंचा तो फाटक बंद था। उसी दौरान तीन युवक आए और छुछकवास जाने के लिए कहा। किराया देने की बात भी हुई। टैक्सी चालक ने तीनों युवकों को गाड़ी में बैठा लिया और छुछकवास के लिए चल पड़ा। जब ग्वालीशन मार्ग पर जिले सिंह अकादमी के पास पहुंचा तो एक युवक ने बैग से पिस्तौल निकाल कर उसकी कनपटी पर तान दी और गाड़ी साइड में लगाने के लिए कहा।
उसने गाड़ी साइड में लगा ली उसी दौरान उसके पीछे वाली सीट पर बैठे युवक ने पिस्तौल निकालकर उससे करीब एक हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया और गाड़ी से उतारकर छुछकवास की तरफ भाग गए। पुलिस के मुताबिक कार में लगा जीपीएस सिस्टम भी बंद पड़ा है। जीपीएस सिस्टम चालू होता तो पुलिस जल्द ही कार लूटने वाले आरोपियों को पकड़ लेती। पुलिस ने नाके बंदी कर तलाशी अभियान भी चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
छुछकवास मार्ग पर पिस्तौल के बल पर कार व नकदी लूटने की शिकायत मिली है। पीड़ित टैक्सी चालक विकास की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है। कार में लगा जीपीएस सिस्टम बंद पड़ा है। जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - रविंद्र मलिक, चौकी प्रभारी, छुछकवास