हिसार में बैंक में डकैती: महिला कर्मी ने हूटर बजाने का किया प्रयास तो बदमाश ने तान दी पिस्तौल, 4 मिनट दहशत में गुजरे
हिसार में यूनियन बैंक में डकैती के मामले में पीएलए निधि ने आपबीती सुनाई। बदमाश दो बैग में रुपये डाल कर कार से फरार हो गए।
विस्तार
हरियाणा के हिसार में दो बदमाश बैंक के अंदर आए। सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट कर उनकी बंदूक छीन ली। चारों नकाबपोश बदमाश पिस्तौल लिए हुए थे। यह देखकर पैरों के नीचे हूटर को तलाशने लगी, लेकिन हूटर नहीं मिला। इसी दौरान एक बदमाश की नजर में उस पर पड़ गई, मेरी हरकत को देखकर उसने मुझे कुर्सी से खड़ा होने और हाथ ऊपर करने को कहा।
इसके बाद पिस्तौल तान दी। यह देखकर कर्मचारियों ने हाथ ऊपर कर लिए। बदमाश ने कहा कि अगर किसी ने चालाकी करने की कोशिश की तो गोली मार देंगे। चार मिनट दहशते में गुजरे। इसके बाद बदमाश दो बैग में 16 लाख 19 हजार 180 रुपये डालकर कार से फरार हो गए। यह कहना है यूनियन बैंक में पीएलए पद पर कार्यरत निधि का। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही यहां पर ट्रांसफर हुआ है ऐसे में पता नहीं चल पाया कि हूटर कहां है।
एक ने गला पकड़ा दूसरे ने छीन ली बंदूक
यूनियन बैंक के सुरक्षाकर्मी और नवदीप कॉलोनी निवासी राजिंद्र ने बताया कि वह तीन साल से यहां पर नौकरी कर रहा है। दोपहर करीब 12 बजकर 42 मिनट पर दो युवक बैंक के अंदर आए। एक युवक बैग लिए हुए था। उसने बैग साइड में रखा और जहां पर चेक डालते हैं उस बॉक्स के पास खड़ा हो गया। मैंने सोचा चेक डाल रहा होगा। इसी दौरान एक युवक ने मेरा गला पकड़ लिया और दूसरे ने बंदूक छीन ली।
बंदूक के बट से मारने लगे और मेरे घुटने टेक दिए। फिर दो युवक और आए जिनके पास पिस्तौल थी। एक युवक ने मुझे पकड़े रखा। छुड़वाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुआ। बदमाश मेरे साथ मारपीट करते रहे और गालियां देते रहे। आखिर में रुपये और मेरी बंदूक लेकर फरार हो गए। राजिंद्र ने बताया कि बंदूक लोडिड थी, ऐसे में जब बंदूक छीनी तो डर लग रहा था कि कहीं युवक गोली न चला दें।
आते ही बोला गोली मार देंगे
बैंक कैशियर नरेंद्र ने बताया कि जिस समय बदमाश बैंक के अंदर दाखिल हुए उस समय मैं कैश काउंटर में बैठा हुआ था। दो बदमाशों ने सुरक्षा कर्मी को पकड़ लिया, एक ने महिला कर्मी पर पिस्तौल तान दी। इसके बाद एक युवक कैश काउंटर की तरफ आया। वह हाथ में पिस्तौल लिए हुए था। उसने आते ही काउंटर से बाहर जाने को बोला, अगर नहीं गया तो गोली मार दूंगा। पिस्तौल देखकर डर गया था और काउंटर से बाहर आकर खड़ा हो गया। सभी डरे हुए थे।
चश्मे वाली मैडम को जान से मारने की धमकी दी
रावतखेड़ा गांव की रहने वाली बिंदु ने बताया कि गांव की सकीला को लोन लेना था। इसी के चलते दोनों बैंक में आए थे। दोपहर को बैंक के अंदर बेंच पर बैठे थे। इसी दौरान दो युवक आए। दोनों ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। आते ही सुरक्षाकर्मी को पीटने लगे और बंदूक छीन ली। फिर चश्मे वाली मैडम को धमकाने लगे और गाली गलौज करने लगे।
बैंक के अंदर आए चारों युवकों ने सभी के मोबाइल फोन छीन लिए। एक युवक बैग लेकर अंदर गया और रुपये डालने लगा, बैग भरने के बाद दूसरा युवक एक और बैग लेकर गया फिर उसके अंदर रुपये डालने लगे। अगर कोई हिलता तो उसको जान से मारने की धमकी देते।
रेकी कर आए थे बदमाश
लूट की वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने रेकी की है। तभी तो बदमाशों को पता था कि इस समय अंदर ज्यादा लोग नहीं होंगे। सुरक्षाकर्मी राजेंद्र का कहना है कि जो बदमाश काले रंग के कपड़ों में था। वह पहले भी बैंक में आया हुआ है। बैंक की सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि 12 बजकर 42 मिनट पर बदमाश बैंक के अंदर दाखिल होते हैं।
चारों बदमाशों ने मुंह को ढका हुआ है। चारों ने ही कैप पहनी हुई है और चारों के पास हथियार थे। बदमाश कार में सवार होकर आए थे। कार पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आजाद नगर थाना की तरफ निकले।
बेखौफ बदमाश : वारदात स्थल के 500 मीटर दायरे में मंडलायुक्त, उपायुक्त, जजों के आवास
छाजू राम लॉ कॉलेज के करीब 500 मीटर के दायरे में मंडलायुक्त, उपायुक्त, जजों के आवास हैं। कुछ दूरी पर आजाद नगर पुलिस थाना है। इसके अलावा काफी अधिकारियों के यहां पर आवास हैं। चलता-फिरता मार्ग है। इसके बाद भी बदमाश बेखौफ होकर आए। चार मिनट तक बैंक के अंदर रहे। पिस्तौल लहराते हुए कर्मचारियों और ग्राहकों को धमकाते रहे। 16 लाख 19 हजार 180 रुपये की नकदी लूट कर आसानी से फरार हो गए। पांच मिनट के बाद पुलिस पहुंचती है लेकिन तब तक आरोपी दूर निकल चुके थे। पुलिस ने घटना के बाद शहर से बाहर और अंदर नाकाबंदी की।
चार कर्मचारी और 10 ग्राहक अंदर थे, बाहर फेंक गए फोन
जानकारी के अनुसार यूनियन बैंक के अंदर जिस समय वारदात हुई उस समय ब्रांच मैनेजर कविता, पीएलए निधि, कैशियर नरेंद्र, सुरक्षाकर्मी राजिंद्र के अलावा 10 ग्राहक मौजूद थे। सभी ने पूरा घटनाक्रम देखा, बदमाश हथियार लिए हुए थे तो किसी ने हिम्मत तक नहीं दिखाई। बदमाश दो कर्मचारियों और चार ग्राहक के मोबाइल फोन भी छीन ले गए। हालांकि वारदात के बाद मोबाइल फोन रास्ते में फेंक गए।
लूट के बाद दहशत का माहौल : गर्ग
बैंक में दिनदहाड़े 16.19 लाख रुपये की लूट से प्रदेश में दहशत का माहौल है। कैश लूटकर फरार होना पुलिस की विफलता का सुबूत है। भाजपा के राज में न तो व्यापारी, आम जनता व बहन-बेटी सुरक्षित है, न ही बैंक व एटीएम। प्रदेश में हर रोज व्यापारी व आम जनता के साथ लूटपाट, फिरौती, हत्या व चोरियों की वारदात खुलेआम हो रही हैं। प्रदेश का व्यापारी व आम जनता अपनी जानमाल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से भयभीत है। - बजरंग गर्ग, प्रांतीय अध्यक्ष, हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल