हिसार: रुपये दोगुना करने का लालच देकर बुलाते थे फिर पुलिस आने का शोर मचा कर लूट ले जाते थे लाखों
पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह का सदस्य पुलिस की वर्दी में आता और कागज वाली गड्डी पर लगे नोट थमा कर फरार हो जाते थे। गिरोह में करीब 350 सदस्यों का है। पुलिस ने 100 और 500 रुपये की 8 गड्डियां बरामद की।
विस्तार
रुपये दोगुना करने का लालच देकर लाखों रुपये की नकदी छीनने के मामले में हिसार सीआईए टीम ने गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों फतेहाबाद के भूना निवासी सुनील और जांडली निवासी विनोद से वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी और फोटो स्टेट किए हुए नकली नोट बरामद किए है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। गिरोह का मुख्य सरगना बलराज फरार है। इस संबंध में न्योली खुर्द निवासी कपिल की शिकायत पर अग्रोहा थाना पुलिस ने छीना झपटी, अमानत में ख्यानत और धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था।
कई राज्यों में फैला है गिरोह
डीएसपी अशोक कुमार ने बताया कि लोगों को दोगुना रुपये देने का लालच देकर उन्हें एंकात स्थान पर बुलाकर लूटपाट करते थे। उसके बाद गिरोह का सरगना भूना निवासी बलराज अलग से गाड़ी में आता था जो पुलिस की वर्दी में होता था। अगर, कभी गिरोह के सदस्यों को रुपये देने भी पकड़े तो वे जल्दबाजी में नोटों की गड्डियां जाल में फसाए हुए व्यक्ति को देकर चले जाते थे।
इन गड्डियों के ऊपर वाला नोट असली होता था बाकी कागज के टुकड़े होते थे। पूछताछ में आरोपी सुनील और विनोद ने बताया कि बलराज गिरोह का सरगना है। उसने अपने गिरोह में करीब 350 लोगों को शामिल किया है। ये सभी भोले भाले लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं, उन्हें दोगुना रुपये देने का लालच देते हैं। वारदात को अंजाम देते है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और अन्य कई राज्यों में गिरोह काम कर रहा है।
फोटोस्टेट किए हुए है नोट
डीएसपी अशोक कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के पास से 100 और 500 रुपये की चार- चार गड्डियां बरामद हुई हैं। 100-100 रुपये की चार गड्डियों पर ऊपर का नोट असली है और बाकी कागज के टुकड़े है। 500 रुपये की दो गड्डियों पर ऊपर के नोट असली है। बाकी दो गड्डियां फोटो स्टेट किए हुए नकली नोटों की है।
उन्होंने बताया कि असली और नकली नोटों की गिनती की जो उसमें 1400 रुपये असली और 2 लाख 40 हजार रुपये फोटोस्टेट और कागज के टुकड़े है। नोटों की गड्डियों की साइड में नोटों के हिसाब से रंग किया हुआ है। ये बैग के अंदर किताबों के ऊपर नोटों की गड्डियों को रखते थे ताकि सामने वाले को लगे की बैग में नोट है। इस गिरोह के 8 सदस्य कुरूक्षेत्र में पकड़े जा चुके है। आरोपी विनोद पर एक ही मामला दर्ज है।
सुनील पर ये है मामले दर्ज
- पांच महीने पहले गिरोह के सदस्यों के साथ अग्रोहा से आदमपुर मार्ग पर रुपये छीने थे। सुनील के हिस्से में पांच हजार रुपये हिस्सा आए थे।
- अग्रोहा से आदमपुर मार्ग पर रुपये दोगुने करने के बहाने एक व्यक्ति से 3 लाख रुपये लूटे थे उसमें आरोपी को छह हजार रुपये मिले थे।
- अग्रोहा से आदमपुर रोड पर डेढ़ लाख रुपये छीने थे जिसमे से 6 हजार रुपये आरोपी के हिस्से में आये थे ।
- डिग मार्ग सिरसा से एक लाख रुपये छीने थे आरोपी को 3000 रुपये मिले थे।
- जाखल से कुला मार्ग पर रुपये डबल करवाने के बहाने से डेढ़ लाख रुपये छीने थे आरोपी को 7 हजार रुपये मिले थे।
- बरवाला से खरकड़ा मार्ग पर 2 लाख रुपये छीने थे आरोपी 6 हजार रुपये आए थे ।
- आरोपी ने अपने साथियों सहित करीब 8 महीने पहले पेहवा में रुपये डबल करने के बहाने से 3 लाख रुपए छीन थे।
यह था मामला
पुलिस को दी शिकायत में न्योलीखुर्द निवासी कपिल ने बताया था कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। कुछ दिन पहले मेरे पास अक्षय नामक व्यक्ति का फोन आया था। उसने कहा कि हमने एक कंपनी बनाई हुई है और वह एक नंबर में रुपये दोगुने करती है। 23 जून को बलराज नामक व्यक्ति ने चार लाख रुपये लेकर अग्रोहा बुलाया। मैं एक लाख रुपये लेकर वहां पर पहुंचा।
वहां से मुझे मीरपुर बस स्टैंड पर बुलाया वहां पर विनोद मिला उसने गाड़ी में बैठा लिया। गाड़ी में बैठे तीन युवकों ने नकदी छीन ली। इसी दौरान एक गाड़ी आई उसमें पुलिस की वर्दी में एक व्यक्ति था। शोर मचाकर वह उसे वहीं पर छोड़कर फरार हो गए थे।