Haryana: भव्य बिश्नोई की शादी के लिए आया डोरा, आईएएस परी संग बंधेंगे शादी के बंधन में, रस्में हुई शुरू
हरियाणा के आदमपुर से विधायक भव्य बिश्नोई की शादी आईएएस परी बिश्नोई के साथ होने वाली है। राजस्थान के बीकानेर जिला स्थित मुकाम में उनकी सगाई का समारोह आयोजित किया गया था। भव्य की दादी जसमा देवी, मां रेणुका बिश्नोई ने रीति रिवाजों को निभाते हुए नई बहू को आशीर्वाद दिया था।
विस्तार
पूर्व सीएम चौधरी भजनलाल के पोते व आदमपुर के विधायक भव्य बिश्नोई की शादी 24 दिसंबर को होगी। गांव-गांव जाकर न्योता दिया जा रहा है। पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के दोनों बेटों की शादी के लिए आदमपुर में आशीर्वाद समारोह एवं प्रीति भोज कार्यक्रम भोज रखा गया है। आदमपुर मंडी के सभी शेड के नीचे भोजन की व्यवस्था रहेगी। पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई राजस्थान चुनाव से लौटने के बाद अपने दोनों बेटों की शादी की तैयारियों में जुट गए हैं। भव्य बिश्नोई की शादी राजस्थान की रहने वाली आईएएस परी बिश्नोई के साथ होनी है।
कौन है परी बिश्नोई
परी बिश्नोई एक आईएएस अधिकारी हैं। साल 2020 बैच की सिक्किम कैडर की आईएएस परी बिश्नोई जल्द हरियाणा कैडर में शामिल हो जाएंगी। परी हरियाणा के आदमपुर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक भव्य बिश्नोई की मंगेतर हैं। भव्य हरियाणा भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई के बेटे हैं और उनके दादा स्वर्गीय भजनलाल हरियाणा के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
क्रिकेटर चैतन्य बिश्नोई की शादी हिमाचल की रहने वाली सृष्टि के साथ होगी। कुलदीप बिश्नोई अपने दोनों बेटों की शादी में पूरे लोकसभा क्षेत्र के लोगों को न्योता देंगे। इसके लिए उन्होंने सभी 9 विधानसभा क्षेत्र के लिए तीन लाख कार्ड छपवाए हैं।
पुराने कार्यकर्ताओं को साथ लाने की तैयारी
कुलदीप बिश्नोई बेटों की शादी के जरिए हिसार लोकसभा में अपनी दावेदारी को भी मजबूत करेंगे। घर-घर न्योता देकर कार्यकर्ताओं से जुड़ने का एक मौका होगा। पुराने कार्यकर्ताओं को एक साथ लाकर लोकसभा 2024 के लिए प्रयास करेंगे। बता दें कि हिसार लोकसभा से चौधरी भजनलाल की तीनों पीढ़ी चुनाव लड़ चुकी हैं। स्वर्गीय चौधरी भजनलाल सांसद चुने गए थे। कुलदीप बिश्नोई, भव्य बिश्नोई दोनों लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं।
सात दिन पहले चढ़ा देंगे कढ़ाई
अनाज मंडी के सभी शेड बुक किए गए हैं। सात दिन पहले ही कढ़ाई चढ़ा देंगे। बिश्नोई समाज की पसंद कढ़ी, हलवा, लड्डू, जलेबी, चावल, छोले, मटर पनीर सहित अन्य तरह के पकवान बनाए जाएंगे। करीब दो हजार से अधिक कारीगर खाना बनाने के लिए लगाए जाएंगे। समारोह में वीआईपी लोगाें के लिए अलग से निमंत्रण दिए जाएंगे।