फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Hisar News ›   Police conducted flag march in villages

किसान आंदोलन: पंजाब और दिल्ली के रास्तों पर नाकाबंदी, पुलिस ने गांवों में किया फ्लैग मार्च

Sun, 11 Feb 2024 09:10 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार Updated Sun, 11 Feb 2024 09:10 PM IST
विज्ञापन
Police conducted flag march in villages
हिसार के हांसी-भूना मार्ग पर लगाए गए नाके का निरीक्षण करते डीसी उत्तम सिंह और एसपी मो​हित हांडा
हिसार। किसान संगठनों के 13 फरवरी को दिल्ली कूच को लेकर जिला प्रशासन ने पंजाब और दिल्ली के मार्गाें पर नाकाबंदी कर दी है। जिले के अंदर लोकल रूटों पर भी नाके लगाए गए हैं। रविवार को अर्धसैनिक बल भी पहुंच गया है। नाकों पर पुलिस की तैनाती कर दी है। हर स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट है। वहीं सुबह से ही इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। जिले में धारा 144 लागू है। दिल्ली कूच के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की तरफ से कई गांवों में फ्लैग मार्च निकाला गया। वहीं पुलिस कर्मचारी किसान नेताओं के घर पहुंचे और कूच में जाने पर पासपोर्ट रद्द करने व संपत्ति अटैच करने की चेतावनी दी। किसान नेताओं का कहना है कि वे दिल्ली कूच में शांतिपूर्वक हिस्सा लेंगे। हर स्थिति से निपटने के लिए जिला उपायुक्त ने अधिकारियों की बैठक ली। रोडवेज की तरफ से सोमवार को सभी रूटों पर बस सेवाएं सुचारू रूप से जारी रहेंगी। खुफिया तंत्र को किसान नेताओं की गतिविधियों पर नजर रखने के आदेश जारी कर दिए हैं।
विज्ञापन

यहां पर की गई नाकेबंदी
पुलिस और जिला प्रशासन की तरफ उकलाना खंड में बिठमडा गांव के पास नाकेबंदी की है। वहां बैरिकेड लगा दिए हैं। सिरसा की तरफ से आने वाले रास्ते अग्रोहा के पास नाकेबंदी की गई है। इसके अलावा हांसी-बरवाला मार्ग पर नाका लगाया गया है। इन नाकों के अलावा अन्य लोकल रूटों पर नाकेबंदी की गई है। जहां-जहां नाके लगाए गए हैं, वहां पर पुलिस बल को तैनात कर दिया है। 1500 के करीब पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। अर्धसैनिक बल की कंपनियां भी पहुंच गई हैं। सोमवार को अर्धसैनिक बल पुलिस के साथ जिले के गांवों में फ्लैग मार्च निकालेगा। जहां-जहां नाके लगाए गए हैं उन नाकों का डीसी और एसपी ने निरीक्षण किया। उकलाना एरिया में डीएसपी गौरव सिंह के नेतृत्व में गांव प्रभुवाला, लितानी, सुरेवाला, बिठमड़ा गांवों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
विज्ञापन

मय्यड़ में हाईवे के दोनों तरफ किए गहरे गड्ढे

हांसी। किसानों को दिल्ली कूच से रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने मय्यड़ गांव में सड़क के दोनों तरफ दस फुट गहरे गड्ढे करवा दिए। वहीं निरीक्षण के लिए डीसी और एसपी भी मय्यड़ नाके पर पहुंचे और वहां व्यवस्था की जांच की। किसानों के दिल्ली कूच को लेकर दो दिन पहल सशस्त्र सीमा बल की एक कंपनी हांसी पहुंची थी। हालांकि अभी तक कंपनी की कहीं तैनाती नहीं की गई है। शुक्रवार को मय्यड़ व पिपला पुल पर सीमेंट के बैरिकेड व कंटेनर लगाए गए थे। शनिवार दोपहर दो बजे मय्यड़ के पास हाईवे के दोनों तरफ दस फुट गहरे गड्ढे किए गए। वहीं हांसी के डीएसपी रविंद्र सांगवान, सदर थाना एसएचओ राजबीर, हिसार के लोकनिर्माण विभाग के एसडीओ दलबीर राठी इस दौरान मौजूद रहे। वहीं दोनों तरफ मिट्टी भी डलवाई गई। शाम को डीसी उत्तम सिंह, एसपी मकसूद अहमद मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां उपस्थित पुलिस प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए। उन्हें कहा कि कोई भी जरूरत हो तो तुरंत कार्यालय को सूचना दें। अधिकारियों ने इस दौरान रामायण टोल प्लाजा का भी निरीक्षण किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

अधिकारियों को स्टेशन न छोड़ने के निर्देश
दिल्ली कूच के मद्देनजर कानून एवं शांति व्यवस्था को बनाए रखने को लेकर रविवार को उपायुक्त उत्तम सिंह, पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा और हांसी पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद ने जिले में कई स्थापित किए गए सुरक्षा नाकों का निरीक्षण किया। उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करने तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। कानून व्यवस्था को भंग करने तथा सार्वजनिक सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिले में धारा 144 लागू करते हुए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए गए हैं। इस दौरान सिरसा, फतेहाबाद से दिल्ली जाने वाले रास्तों को निरीक्षण किया गया। उपायुक्त उत्तम सिंह ने निरीक्षण से पहले लघु सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों बिना ठोस वजह अपने स्टेशन न छोड़ने के निर्देश दिए हैं।

किसानों के दिल्ली कूच के चलते कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल है। इसके अलावा अर्धसैनिक बल की कंपनियां भी आई हैं। पंजाब की तरफ से आने वाले रास्तों पर नाकाबंदी की है। कुछ लोकल रूटों पर भी नाके लगाए गए हैं। - मोहित हांडा, पुलिस अधीक्षक, हिसार।


पुलिस करेगी रूट डायवर्ट
13 फरवरी को किसान संगठनों द्वारा ट्रैक्टर-ट्राली लेकर दिल्ली कूच को लेकर कोई रूट बाधित होता है पुलिस प्रशासन की तरफ से रूट डायवर्ट कर दिया जाएगा ताकि आमजन को असुविधा न हो। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वो अफवाहों पर ध्यान न दें।


ये की है व्यवस्था

हिसार से फतेहाबाद जाने वाला रूट अगर बाधित रहता है तो अग्रोहा से कुलेरी, सिवानी बोलान, गोरखपुर, भूना रोड होते हुए फतेहाबाद और सिरसा जा सकते हैं। इसके साथ ही खारा खेड़ी, खासा महाजन, आदमपुर, सदलपुर, मोडाखेडा, भट्टू के रास्ते फतेहाबाद व सिरसा जाने वाले रूट का इस्तेमाल कर सकते हैं। हिसार से रोहतक जाने वाले मिर्जापुर चौक से रायपुर, खरड़ अलीपुर होते हुए हांसी के रास्ते रोहतक जा सकते हैं। रामायण, ढंढेरी, उमरा के रास्ते भी इस्तेमाल कर सकते हैं। हिसार से टोहाना की जाने वाले सुरेवाला चौक से सैनियाना, पारता और पिरथला के रास्ते जा सकते हैं। दनौदा, कालवन के होते टोहाना जा सकते हैं। बरवाला-हांसी रूट बाधिक होने पर हांसी जाने वाले डाटा, गुराना, महजद वाले रास्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं।

पिहोवा से लौटीं रोडवेज बसें
किसानों के दिल्ली कूच को लेकर रोडवेज प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। हालांकि सोमवार को बस स्टैंड से सभी बसें रवाना की जाएंगी। रविवार देर शाम तक रोडवेज प्रशासन के पास बसें नहीं चलाने के कोई आदेश जारी नहीं हुए थे। रोडवेज से संस्थान प्रबंधक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सभी बसें चलेंगी। यदि कहीं रास्ते में कोई जाम मिलता है तो बसें वापस आ जाएंगी। उन्होंने बताया कि रविवार को सभी बसें सुचारू रूप से चलीं। हांसी के ड्यूटी इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि रविवार को हांसी से चंडीगढ़ के लिए सात बसें गई थीं। इनमें से चार बसें पिहोवा से लौंटी। सोमवार को भी इस रूट पर बसें कम चलने की उम्मीद है। इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों की संख्या कम हो गई है।


रेलवे स्टेशन पर पुलिस अलर्ट

उधर, किसानों के दिल्ली कूच को लेकर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ भी अलर्ट हो गया है। जीआरपी से सब इंस्पेक्टर राममूर्ति ने बताया कि स्टेशन पर रोजाना गश्त की जा रही है। स्टेशन पर अभी तक बाहर से कोई फोर्स नहीं आई है। अभी हिसार से ट्रेन में कोई भी किसान दिल्ली भी नहीं जा रहे हैं।


इंटरनेट बंद रहने से लोगों को हुई परेशानी
मोबाइल पर इंटरनेट सेवा बंद रहने से लोगों को काफी परेशानी हुई। राजगुरु मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र बजाज ने बताया कि अब दुकानों में खरीदारी के लिए आने वाले लोग ऑनलाइन पेमेंट जैसे यूपीआई से भुगतान करते हैं। मगर मोबाइल पर इंटरनेट न चलने से खरीदार व व्यापारी दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed