{"_id":"655e39ce23f4b3e0c601e4cb","slug":"now-mlr-will-be-deducted-for-dog-bite-hisar-news-c-21-hsr1020-264401-2023-11-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिसार में बढ़ रहे डॉग बाइट के केस: कुत्ते के काटने पर अब कटेगी एमएलआर, मालिक पर होगा केस दर्ज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिसार में बढ़ रहे डॉग बाइट के केस: कुत्ते के काटने पर अब कटेगी एमएलआर, मालिक पर होगा केस दर्ज
Thu, 23 Nov 2023 11:51 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
दीपिका लोहचब, हिसार (हरियाणा)
दीपिका लोहचब, हिसार (हरियाणा)
Updated Thu, 23 Nov 2023 11:51 AM IST
सार
हिसार में कुत्ते और अन्य जानवर के काटने के केस लगातार बढ़ रहे हैं। नागरिक अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार हर महीने करीब 200 केस कुत्ते और अन्य जानवरों के काटने के आ रहे हैं। अब एमएलआर कटने के बाद जानवर के मालिक या उससे संबंधित विभाग पर एफआईआर दर्ज होगी।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
कुत्ते और अन्य जानवर के काटने पर अब पीड़ित सरकारी और निजी अस्पताल में जाकर एमएलआर कटवा सकता है। एमएलआर कटने के बाद जानवर के मालिक या उससे संबंधित विभाग पर एफआईआर दर्ज होगी। पुलिस विभाग की तरफ से मेडिकल कॉलेज अग्रोहा के डायरेक्टर, नागरिक अस्पताल के सीएमओ और निजी अस्पतालों के डायरेक्टर के पास पत्र भेजा है।
विज्ञापन
जिले में कुत्ते और अन्य जानवर के काटने के केस लगातार बढ़ रहे हैं। साल 2022 में 1722 और साल 2023 में अक्टूबर तक 2188 मामले कुत्तों के काटने के सामने आए हैं। नागरिक अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार हर महीने करीब 200 केस कुत्ते और अन्य जानवरों के काटने के आ रहे हैं। अस्पताल में पीड़ित को रेबीज का टीका लगाया जाता है। किसी चिकित्सक के एमएलआर काटने से मना करने पर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से चिकित्सक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। वहीं एमएलआर कटने के बाद पुलिस को उसके खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ेगी।
विज्ञापन
पालतू कुत्तों का पंजीकरण अनिवार्य
अगर कोई अपने घर में कुत्ता रखना चाहता है तो कुत्ते का नगर निगम से पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। पंजीकरण करवाते समय कुत्ते के मालिक को कुत्ते की वैक्सीनेशन का सर्टिफिकेट देना होता है। पंजीकरण के समय निगम प्रशासन एक टैग देता है जो कुत्ते के मालिक को उसके गले में पहनाना होता है।
विज्ञापन
केस-1 : कुत्ते के काटने से 3 साल के बच्चे की हुई थी मौत
गोरछी गांव में 28 मार्च को कुत्ते के काटने से तीन साल के बच्चे की मौत हो गई थी। मूलरूप से उत्तरप्रदेश के बांदा जिले के पंचगुमाई गांव के रहने वाले अमर सिंह ने बताया था कि उसका परिवार गोरछी गांव के एक ईंट भट्टे पर काम करता है। उनके बेटे को खेलते समय कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद गांव के झोलाझाप चिकित्सक से उसका उपचार करवाया था। ज्यादा तबीयत बिगड़ने पर उसे नागरिक अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
केस-2 : पिटबुल ने महिला का नोंच दिया था पैर
तेजा मार्केट में रहने वाली 60 वर्षीय कौर को 30 जून दोपहर बाद पिटबुल कुत्ते ने काट लिया था। महिला ढंढूर गांव स्थित एक दुकान से आटा लेने जा रही थी। जब गांव के एक गोदाम के नजदीक पहुंची तो अचानक पीछे से एक पालतू पिटबुल ने उसका पांव पकड़ लिया। बुजुर्ग ने अपना पांव छुड़वाने के लिए काफी देर तक प्रयास किया लेकिन पांव नहीं छुड़वा पाई। खून ज्यादा बहने के कारण बुजुर्ग बेहोश हो गई थी। लोगों ने उसे नागरिक अस्पताल भर्ती करवाया।
2022 में कुत्तों के काटने का आंकड़ा
जनवरी 118
फरवरी 100
मार्च 176
अप्रैल 140
मई 139
जून 111
जुलाई 180
अगस्त 177
सिंतबर 163
अक्टूबर 158
नवंबर 113
दिसंबर 147
2023 जनवरी से अक्टूबर तक कुत्तों के काटने के आंकड़े
जनवरी 220
फरवरी 231
मार्च 226
अप्रैल 240
मई 200
जून 198
जुलाई 180
अगस्त 219
सितंबर 266
अक्टूबर 208
अधिकारी के अनुसार
पुलिस विभाग की तरफ से पत्र मिला है। इसमें लिखा कि कुत्तों और अन्य पालतू जानवरों के काटने पर एमएलआर काटनी होगी। सभी चिकित्सकों को पत्र भेजकर अवगत करवाया जा चुका है। - डॉ. रत्ना भारती, सीएमओ नागरिक अस्पताल।