{"_id":"6553b27be7c22aee29065797","slug":"municipal-corporation-will-survey-the-remaining-pieces-of-legal-colonies-of-the-city-in-a-week-hisar-news-c-21-hsr1005-259484-2023-11-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Hisar News: नगर निगम शहर की वैध कॉलोनियों के बचे हुए टुकड़ों का एक सप्ताह में करेगा सर्वे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Hisar News: नगर निगम शहर की वैध कॉलोनियों के बचे हुए टुकड़ों का एक सप्ताह में करेगा सर्वे
विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। नगर निगम शहर की वैध कॉलोनियों के बचे हुए टुकड़ों का एक सप्ताह में सर्वे करेगा। इस सर्वे के लिए 8 जेई की ड्यूटी लगाई गई है। मुख्यालय की तरफ से निगम प्रशासन को मिले डाटा में शहर में 46 अवैध टुकड़े हैं, जो करीब 481 एकड़ जमीन पर बसे हुए हैं।
बता दें कि पिछले वर्ष डीटीपी की तरफ से शहर में अवैध कॉलोनियों को लेकर ड्रोन सर्वे कराया गया था। इस सर्वे के बाद पार्षदों ने आरोप लगाया था कि सर्वे में कई वैध कॉलोनियों में बचे हुए टुकड़ों को शामिल नहीं किया गया। इसी बीच यूएलबी ने एक लेटर जारी कर नगर निगम को अपने ही स्तर पर बची हुई कॉलोनियों का सर्वे करवाने को कहा था। इसके बाद निगम प्रशासन की तरफ से सर्वे को लेकर टेंडर भी लगा दिया गया था। मगर जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने निगम प्रशासन को अपने ही कर्मचारियों से सर्वे करवाने के आदेश दिए थे।
विज्ञापन
सर्वे के दौरान यह डाटा किया जाएगा एकत्रित
सर्वे के दौरान खसरा नंबर, कॉलोनी का कुल एरिया, खाली पड़ी जमीन (प्रतिशतता में), कॉलोनी में निर्मित एरिया (प्रतिशतता में), कॉलोनी को वैध करवाने को लेकर हाउस की बैठक में पास किया गया प्रस्ताव, आरडब्ल्यूए या डेवलपर की तरफ से प्राप्त प्रस्तुति, अप्रोच रोड की चौड़ाई, अप्रोच रोड की टाइप, 3 मीटर तक चौड़ी अंदरूनी सड़कों की लंबाई, 3 से 6 मीटर तक चौड़ी अंदरूनी सड़कों की लंबाई, 6 से 9 मीटर तक चौड़ी अंदरूनी सड़कों की लंबाई, 9 मीटर से ज्यादा चौड़ी अंदरूनी सड़कों की लंबाई आदि जानकारी एकत्रित की जाएगी।
विज्ञापन
इस आधार पर किया जाएगा सर्वे
यूएलबी की तरफ से 3 मार्च 2023 के नोटिफिकेशन के आधार पर यह सर्वे किया जाएगा।
- क्षेत्र तक अप्रोच रोड 6 मीटर से कम नहीं होगी।
- क्षेत्र में सभी आंतरिक सड़कें 3 मीटर से कम नहीं होंगी।
इन क्षेत्रों को नहीं किया जाएगा शामिल
- 4 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र वाली खाली प्लॉट
- कोई सार्वजनिक जमीन
- हवाई अड्डा, रक्षा भूमि या गोला बारूद डिपो
- अनुसूचित सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ कोई प्रतिबंतिध क्षेत्र
- सरकार की तरफ से अधिसूचित कोई क्षेत्र
- दुकान, शोरूम, मॉल, मल्टीप्लेक्स, होटल, स्कूल, कॉलेज व धार्मिक संस्थानों को ले आउट में दर्शाया जाएगा, लेकिन क्षेत्र की परिसीमा में शामिल नहीं किया जाएगा।
ये हैं बड़े टुकड़े
एरिया-साइज
विकास नगर-42 एकड़
मॉडल टाउन एक्सटेंशन-46 एकड़
नेताजी कॉलोनी-30 एकड़
नवदीप कॉलोनी-45 एकड़
महावीर कॉलोनी-30 एकड़
कैमरी रोड के साथ लगता आजाद नगर का एरिया-40 एकड़
विकास नगर में बड़े स्तर पर चल रही व्यावसायिक गतिविधियां बन सकती है अड़चन
विकास नगर को काफी समय से वैध करने की मांग उठ रही है। चूंकि यह कॉलोनी रिहायश के मकसद से बसाई गई थी, लेकिन आज के समय में यहां बड़े स्तर पर व्यावसायिक गतिविधियां चल रही हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि यह कॉलोनी यूएलबी की गाइडलाइन पर खरी न उतरे।
मुख्यमंत्री 24 नवंबर को लेंगे बैठक
मुख्यमंत्री मनोहर लाल 24 नवंबर को यूएलबी की बैठक लेंगे। चूंकि उन्होंने निगम प्रशासन को अपने स्तर ही इन कॉलोनियों का सर्वे करने के आदेश दिए थे। इसे देखते हुए निगम इस बैठक से पहले सर्वे पूरा करना चाहता है ताकि अगर मुख्यमंत्री बैठक में कॉलोनियों के सर्वे को लेकर अधिकारियों से पूछे तो वह उनके सामने सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत कर सकें।
7 दिनों में जेई को इस सर्वे को पूरा करने के आदेश दिए हैं। यह सर्वे यूएलबी की गाइडलाइन के हिसाब से ही किया जाएगा। -प्रदीप दहिया, निगमायुक्त