{"_id":"583b1d8e4f1c1b5b2908845e","slug":"hunar-ka-hero-hisar-mahipal-hisar-hisar","type":"story","status":"publish","title_hn":"60 फीट की ऊंचाई से गिरा, रीढ़ की हड्डी टूटी, योगा से ठीक हो 5 मिनट में दिखाता है 105 आसन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
60 फीट की ऊंचाई से गिरा, रीढ़ की हड्डी टूटी, योगा से ठीक हो 5 मिनट में दिखाता है 105 आसन
अमर उजाला ब्यूरो/हिसार
Updated Sun, 27 Nov 2016 11:24 PM IST
विज्ञापन
Mahipal
- फोटो : Bureau
60 फीट की ऊंचाई से गिरने के बाद रीढ़ की हड्डी टूट गई। एक वर्ष तक बिस्तर से हिल भी नहीं पाया। ऐसे में उठने और चलने की उम्मीद भी नहीं थी। लेकिन बाबा रामदेव से प्रेरित होकर योग साधना से शरीर को पूरी तरह साध लिया। और अब पूरी तरह से स्वस्थ हो गया। इतना ही नहीं योग की जटिल से जटिल क्रियाएं बड़ी आसानी से करता है। देखने वाले दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर हो जाते हैं। जी हां हम बात कर रहे नारनौंद क्षेत्र के युवक महिपाल की। रविवार को आयोजित राहगिरी में उसने सीएम मनोहर लाल के सामने 5 मिनट में 105 आसन करके दिखा दिए। लोगों यह करतब देखकर अचंभे में पड़ गए। सीएम स्वयं युवक के इन जटिल आसनों को देख हैरान हो गए।
विज्ञापन
एक गरीब परिवार से संबंध रखने वाले महिपाल ने बताया कि 3 वर्ष पहले वह खजूर के पेड़ पर चढ़ा था। करीब 60 फीट की ऊंचाई थी। अचानक टहनी झुकी, पैर फिसला और वह गिर गया। रीढ़ की हड्डी टूट गई। इलाज हुआ तो स्टील प्लेट डाली गई। इसके बाद भी करीब एक वर्ष तक बिस्तर पर हिल भी नहीं पाया। उसने बताया कि रामदेव से प्रेरित होकर उन्होंने भी अपने शरीर को योगा से साधने की कोशिश की। शुरुआत में बहुत तकलीफ हुई। बैठना भी मुश्किल था। लेकिन धीरे-धीरे पूरा शरीर साध लिया। प्रतिदिन योग करता और एक दिन जटिल से जटिल योगा भी उसके लिए बाएं हाथ का खेल बन गए।
विज्ञापन
आईजी ने युवाओं को प्रेरित करने के लिए किया था आमंत्रित
पुलिस विभाग के हरीश ने बताया कि महिपाल को आईजी साहब ने लाडवा गौशाला में आसन के करतब करते हुए देखा था। तो वे यह सब देखकर दंग रह गए। उन्होंने उसे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनकी हौसलाअफजाई की और उसे राहगिरी में सीएम साहब के सामने योगासन करतब दिखाने का निमंत्रण दिया।
विज्ञापन