हिसार। चौधरीवास के मेघराज क्रिकेट मैदान में रविवार को जीसी हीरोज और हिसार डोमिनेर्ट्स के बीच टी-20 मुकाबला खेला गया। इस मैच को जीसी हीरोज ने 25 रन से अपने नाम किया। अर्धशतकीय पारी और दो विकेट हासिल करने वाले कप्तान मोहन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जीसी हीरोज ने 8 विकेट के नुकसान पर 197 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज जीतू और मोहन ने तेजी से रन बनाते हुए टीम को बेहतरीन शुरुआत दी। जीतू ने 26 रन बनाए। इसके बाद आकाश (22) ने कप्तान मोहन का बखूबी साथ दिया। टीम का स्कोर 75 पार ले गए। इस दौरान मोहन ने पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 57 रन की पारी खेली। इसके अलावा शमशेर ने 15, सुमित ने 26 और मोहित ने 28 रन का योगदान दिया। हिसार डोमिनेर्ट्स की ओर से अंकुश, कृष ने दो-दो, अनिल, सुनील और संदीप ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिसार डोमिनेर्ट्स के बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ रन बनाते हुए पांच ओवर में पहले विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी निभाई। संजू खान ने नवीन को 35 रन पर बोल्ड कर पहली सफलता दिलाई। इसके बाद कप्तान मोहन ने एक के एक दो विकेट लेकर टीम को मजबूती दी, लेकिन जशविंद्र एक छोर पर तेजी से रन बना रहे थे, जिसे सुमित इंदौरा ने बोल्ड किया। टीम की ओर से रूपा ने 24, अमरजीत ने 26 रन बनाए। जीसी हीरोज के प्रमोद ने अपने स्पेल में मात्र 8 गेंद डालते हुए तीन बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई और हिसार डोमिनेर्ट्स की टीम को 172 रन पर सिमेट दिया। टीम को 25 रन से हार का सामना करना पड़ा। जीसी हीरोज की ओर से प्रमोद ने तीन, मोहन, आकाश ने दो-दो, संजू व सुमित ने एक-एक विकेट लिया।