फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Hisar News ›   food and supply department ream raid in Hisar's 2 factory

घी बनाने वाली दो फैक्टरियों पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने दी दबिश

Sun, 31 Jan 2021 01:08 AM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Sun, 31 Jan 2021 01:08 AM IST
विज्ञापन
food and supply department ream raid in Hisar's 2 factory
सिरसा रोड पर रजत इंटरप्राइजेज के अंदर कार्रवाई करती टीम। - फोटो : Hisar
हिसार। गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के आदेश पर शनिवार को खाद्य आपूर्ति विभाग की स्टेट टीम ने हिसार में दो अलग-अलग जगह घी बनाने वाली फैक्टरियों में दबिश दी। यहां दोनों फैक्टरियों में से सैंपल एकत्र किए और उन उत्पादों को सील भी किया। खुले में पड़े कुछ उत्पाद को नष्ट भी किया गया। इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा। दोनों फैक्टरियों से एकत्रित किए गए सैंपल को जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा।
विज्ञापन

कुछ दिन पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के क्षेत्र अंबाला छावनी में स्थित घी के गोदाम में कार्रवाई के बाद उन्होंने मिलावटखोरों पर सख्ती के आदेश जारी किए। इसके तहत मंत्री विज ने खाद्य एवं ड्रग कमिश्नर ललित सिवाच को कार्रवाई के आदेश दिए। खाद्य आपूर्ति विभाग की गठित की गई स्टेट टीम को कमिश्नर ने हिसार में कार्रवाई के निर्देश जारी किए। शनिवार को टीम पंचकूला से नामित अधिकारी सुभाष चंद्र के नेतृत्व में कार्रवाई करने पहुंची। चार सदस्यीय इस टीम में हिसार से फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. अरविंदर जीत सिंह, पानीपत से फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. श्यामलाल, जींद से फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. जोगिंद्र सिंह और नामित अधिकारी सुभाष चंद्र शामिल रहे।
विज्ञापन

पहली कार्रवाई रजत इंटरप्राइजेज पर
पहली कार्रवाई सिरसा रोड पर स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास गली में रजत इंटरप्राइजेज पर सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई। इस दौरान देसी व डालडा घी की जांच की गई। टीम ने यहां से देसी घी, डालडा और वनस्पति के कुल 16 सैंपल भरे और 17 हजार लीटर देसी घी व डालडा और वनस्पति जब्त किया, जिसकी कीमत करीब साढ़े 42 लाख रुपये है। टीम ने यहां से पंजाब शक्ति प्योर घी, पंजाब शक्ति वनस्पति ऑयल, राजधानी वनस्पति ऑयल, डेयरी प्लस वनस्पति ऑयल, खुला वनस्पति व घी, दीप फ्रेश प्रीमियम वनस्पति ऑयल, डयेरी प्लस सुपर वनस्पति, रॉयल क्लासिकल वनस्पति, स्टील टैंक में खुले में पड़ा घी व वनस्पति के सैंपल एकत्र किए। एक्सपायर हो चुके उत्पाद को नष्ट भी किया गया। यहां टीम ने शाम करीब साढ़े 6 बजे तक कार्रवाई की।
विज्ञापन
विज्ञापन

दूसरी कार्रवाई तनेजा मिल्क एवं फूड प्रोडक्ट पर
इसके बाद टीम ने दूसरी कार्रवाई शाम करीब सात बजे तनेजा मिल्क एवं फूड प्रोडक्ट प्रा.लि. में शुरू की। यहां से टीम ने घी के पांच अलग-अलग सैंपल एकत्र किए। टीम ने यहां से कुल 11 हजार 483 लीटर घी जब्त किया और इन सभी उत्पाद को सील किया है। इसकी कीमत 57 लाख 41 हजार 500 रुपये है। टीम ने यहां से सागर रत्न देसी घी, कन्हैया गोल्ड देसी घी, हरियाणा किंग देसी घी और खुले में पड़ा देसी घी जब्त किया। यहां रात करीब साढ़े 9 बजे तक कार्रवाई चली। उल्लेखनीय है कि इस फैक्टरी पर टीम ने करीब छह माह पूर्व भी कार्रवाई की थी। इसके बाद टीम राघव फूड प्रोडक्ट्स पर भी कार्रवाई करने गई, लेकिन वह फैक्टरी बंद हो चुकी थी। टीम अब इस फैक्टरी पर बाद में कार्रवाई करेगी।
पुलिस के सामने फैक्टरी मालिक ने टीम से की बहस
मामले में टीम ने बताया कि कमिश्नर ललित सिवाच ने इस संबंध में हिसार एसपी से बात की थी, जिसके बाद मौके पर पुलिस लाइन से एक प्लाटून भेजी गई। सदर थाने से अतिरिक्त प्रभारी भी मौके पर मौजूद रहे। ये पुलिसकर्मी सिर पर हेल्मेट, सुरक्षा जैकेट और हाथ में डंडे लिए तैनात थे। करीब 30 पुलिसकर्मियों के कड़े पहरे में दोनों फैक्टरियों में कार्रवाई की गई। रजत इंटरप्राइजेज में कार्रवाई के दौरान इस फैक्टरी के मालिक ने टीम से बहस भी की। फैक्टरी मालिक ने टीम की मंशा पर सवाल उठाते हुए जब विरोध जताया तो मौके पर तैनात पुलिस उसे अपने साथ साइड में ले गई। इसके बाद कार्रवाई पूरी हुई।

सैंपल जांच के लिए भेजे
खाद्य एवं ड्रग कमिश्नर ललित सिवाच और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है। आज दो फैक्टरियों में कार्रवाई की गई। यहां भारी मात्रा में घी, वनस्पति और डालडा के सैंपल एकत्र किए हैं। ये सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे जाएंगे। दोनों फैक्टरियों के मालिक के पास लाइसेंस हैं।
-सुभाष चंद्र, नामित अधिकारी, पंचकूला।

 सिरसा रोड पर रजत इंटरप्राइजेज के बाहर तैनात पुलिस बल।

सिरसा रोड पर रजत इंटरप्राइजेज के बाहर तैनात पुलिस बल।- फोटो : Hisar

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed