नागोरी गेट बाजार के व्यापारियों ने किया वादा पूरा, खुद खड़े हो तुड़वाए दुकानों के आगे से चबूतरे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिलर लगाकर बड़े वाहनों की एंट्री बैन करने वाली नागोरी गेट एसोसिएशन ने नगर निगम को दिया अपना वादा पूरा कर दिया। एसोसिएशन ने दुकानदारों की सहमति से नगर निगम प्रशासन का साथ देते हुए खुद खड़े होकर अपनी दुकानों के आगे बने रैंप व चबूतरे तुड़वा लिए हैं। ये चबूतरे व रैंप तोड़े जाने के बाद 16 फुट का यह रोड अब 20 फुट चौड़ा हो गया है। दुकानदारों का कहना है कि वे प्रशासन की कार्रवाई से खुश हैं। नगर निगम की टीम ने शुक्रवार शाम को यह कार्रवाई की थी। नगर निगम एक्सईएन रामजीलाल व ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर अतर सिंह सरोहा ने मिलकर नागोरी गेट से लेकर गीता पनवाड़ी की दुकान तक सभी दुकानों के आगे से अतिक्रमण हटवा दिया। हालांकि एक दो दुकानदारों के साथ निगम अधिकारियों व कर्मचारियों को कहासुनी भी करनी पड़ी मगर काम में किसी तरह की बाधा नहीं आई।
शटर से एक फुट तक छोड़ी स्टैप
निगम की टीम ठीक 3 बजे पूरे अमले के साथ मौके पर पहुंच गई। ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर पहले से ही मौजूद थे। दुकानदार एसोसिएशन मंगल ढालिया व अन्य ने कहा कि सर हम अतिक्रमण हटवाने के लिए तैयार हैं मगर दुकानदारों की मांग है कि शटर से एक फुट तक की जगह छोड़ दें इससे आगे का रैंप हो या स्टैप आप तोड़ दो। एसोसिएशन ने वायदा किया कि वे सभी दुकानदारों की जिम्मेवारी लेेते हैं शटर से एक फुट से ज्यादा बाहर हम कोई सामान नहीं रखेंगे। निगम अधिकारियों ने वहीं से निशानदेही शुरू की और तोड़ना शुरू कर दिया।
अब दूसरे बाजारों में भी होगी कार्रवाई
नगर निगम एक्सईएन रामजीलाल ने कहा है कि नागोरी गेट बाजार से शुरुआत है। अब राजगुरु मार्केट व अन्य बाजारों में भी सोमवार से अतिक्रमण हटाएंगे। उन्होंने दुकानदारों से भी अपील की है कि वे पहले ही अपने रैंप या सीढ़ी तोड़ लें फिर किसी दुकानदार को समय नहीं दिया जाएगा।
जेसीबी चालक से भिड़े
नागोरी गेट में एक दुकानदार होशियारीमल निगम के जेसीबी चालक से भिड़ गए। बीआई अमित बेरवाल व जितेंद्र ने शटर से एक फुट जगह छोड़कर निशान लगा दिया। जब जेसीबी चालक ने तोड़ना शुरू किया तो दुकान मालिक भिड़ गया। उसने जेसीबी चालक को कहा कि अगर उसने पीला पंजा चलाया तो वह गोली मार देगा। इस पर अन्य दुकानदारों ने नारेेबाजी शुरू कर दी। दुकान मालिक ने कहा कि मुझे कुछ समय दो मैं अपने आप अतिक्रमण तुड़वा दूंगा। बीआई व अधिकारियों ने उसे समय दे दिया, जिसके बाद उसने खुद अतिक्रमण तुड़वा लिया।
एसोसिएशन बोली सुंदर मार्केट बनाएंगे
एसोसिएशन के प्रधान मंगल ढालिया ने कहा कि प्रशासन का एसोसिएशन धन्यवाद करती है। अब उनकी तीन मांगे हैं कि हमें डस्टबिन दिए जाएं हर दुकान पर एक एक डस्टबिन होगा। इसके अलावा पौधों के दो गमले व मार्केट में सीसीटीवी लगे। हम शहर की सबसे सुंदर मार्केट बनाना चाहते हैं।
पिलर विवाद के दौरान किया था वादा
जब नागोरी गेट में अवैध तरीके से लगाए गए पिलर हटाने गए निगम कर्मचारियों के साथ एसोसिएशन के पदाधिकारियों का विवाद हुआ था तो समझौते के दौरान यह वायदा हुआ था। प्रधान ढालिया ने खुद कहा था कि उन्होंने तो जाम से बचने के लिए पिलर लगाए थे। अगर प्रशासन अतिक्रमण हटाना चाहता है और जाम से मुक्ति की गारंटी लेता है तो वे खुद इसमें सहयोग करेंगे। साथी ही यह भी कहा था कि वे सबसे पहले अपने बाजार का अतिक्रमण खुद खड़े होकर तुड़वाने के लिए तैयार हैं।