{"_id":"65d2dca8a99913cc6c0a5809","slug":"crowd-of-farmers-gathered-to-increase-the-health-of-crops-with-5g-capsules-lead-free-water-and-sahaja-yoga-2024-02-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिसार में कृषि प्रदर्शनी: 5जी कैप्सूल, लेड फ्री पानी और सहज योग से बढ़ाएं फसलों की सेहत, किसानों की लगी भीड़","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिसार में कृषि प्रदर्शनी: 5जी कैप्सूल, लेड फ्री पानी और सहज योग से बढ़ाएं फसलों की सेहत, किसानों की लगी भीड़
Mon, 19 Feb 2024 10:14 AM IST
नवीन दलाल
नगेश शर्मा, हिसार (हरियाणा)
नगेश शर्मा, हिसार (हरियाणा)
Published by: नवीन दलाल
Updated Mon, 19 Feb 2024 10:14 AM IST
सार
हिसार के टीटीसी परिसर में आयोजित कृषि दर्शन प्रदर्शनी में कई प्रदेशों की कंपनियों और संस्थाओं ने स्टाल लगाए हैं। यहां नासिक की कंपनी के स्टाल पर कीटनाशक 5जी कैप्सूल को किसान पसंद कर रहे हैं। कंपनी के मैनेजर तुषार आनंद का दावा है कि पहली बार कीटनाशक कैप्सूल बाजार में आया है।
विज्ञापन
हिसार के टीटीसी परिसर में लगी कृषि प्रदर्शनी में लगे स्टाल पर सजे कीटनाशक कैप्सूल।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
फसल का गुणवत्तायुक्त उत्पादन बढ़ाने पर किसान जोर दे रहे हैं। इसी के तहत विभिन्न कंपनियां साधन तैयार कर रही हैं। नासिक की कंपनी ने 5जी कैप्सूल तैयार किया है, जो फसलों को नुकसान करने वाले कीटों को मारकर उत्पादन बढ़ाने में मदद करता है। वहीं दिल्ली की कंपनी ने सबमर्सिबल की लेड फ्री केबल तैयार की है जो शुद्ध पानी को खेतों तक पहुंचाकर फसल की गुणवत्ता बढ़ाएगी। उधर, सहज कृषि मिशन ने योग के माध्यम से गुणवत्तायुक्त उत्पादन बढ़ाने के तरीके ईजाद किए हैं। टीटीसी परिसर में आयोजित कृषि दर्शन प्रदर्शनी में कई प्रदेशों की कंपनियों और संस्थाओं ने स्टाल लगाए हैं। किसान फसलों का गुणवत्तायुक्त उत्पादन बढ़ाने के साधनों पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।
विज्ञापन
5जी कैप्सूल कीटनाशक को मार फसलों को दे ताकत भरपूर
नासिक की कंपनी के स्टाल पर कीटनाशक 5जी कैप्सूल को किसान पसंद कर रहे हैं। कंपनी के मैनेजर तुषार आनंद का दावा है कि पहली बार कीटनाशक कैप्सूल बाजार में आया है। इस दवा का पाउडर और लिक्विड भी है। उनका दावा है कि गुणवत्तायुक्त अच्छे उत्पादन के कारण कैप्सूल की डिमांड बढ़ रही है। कंपनी का एप भी है, जिस पर किसान फसलों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी ले सकते हैं।
विज्ञापन
फसलों की शुद्धता और उत्पादन बढ़ा रहा लेड फ्री पानी
पानी में मिला लेड फसलों को नुकसान पहुंचाता है। इसे रोकने के लिए दिल्ली की कंपनी ने बिजली की लेड फ्री केबल तैयार की है। कंपनी के डायरेक्टर राजेश वर्मा ने बताया कि सबमर्सिबल में लगी बिजली की केबल से लेड निकलता है जो पानी में मिलकर खेतों में पहुंचता है और फसलों को नुकसान पहुंचाता है। यह मानव जीवन के लिए भी खतरनाक है। इसे रोकने के लिए केबल तैयार की है। यह केबल न केवल पानी को शुद्ध कर रही है बल्कि उत्पादन बढ़ाने में भी सहायक है।
विज्ञापन
सहज योग कृषि अपनाओ, चैतन्यित उत्पादन बढ़ाओ
योग मानव जीवन के लिए ही नहीं कृषि के लिए भी लाभदायक है। सहज योग कृषि अपनाओ, चैतन्यित उत्पादन बढ़ाओ के नारे के साथ सहज कृषि मिशन के पदाधिकारी कृषि प्रदर्शनी में लगे अपने स्टाल पर किसानों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। मिशन के कुरुक्षेत्र के प्रभारी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि कोई भी किसान अपनी कुंडलिनी जागृत कर अपने शरीर में ऊर्जा पैदा कर सकता है। इस ऊर्जा के प्रभाव से फसलों का उत्पादन बेहतर हो रहा है। कई प्रदेशों में इस पर शोध चल रहा है। किसान भी जागरूक हो रहे हैं।
मछली से तैयार पाउडर और गोलियों से बढ़ा सकते हैं खेत में ऑर्गेनिक कार्बन
खेत में आर्गेनिक कार्बन बढ़ाकर बेहतर उत्पादन किया जा सकता है। इसके लिए कर्नाटक की कंपनी ने मछली से पाउडर, लिक्विड और गोलियां तैयार की हैं। कंपनी के मैनेजर संतोष कुमार ने बताया कि खेतों में आर्गेनिक कार्बन कम होने की समस्या लगातार बनी हुई है। इससे निपटने के लिए मछली के जैविक तत्वों को हटाकर मिले पदार्थों से पाउडर, लिक्विड और गोलियां तैयार की हैं। इससे खेतों में आर्गेनिक कार्बन, नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटेशियम मिलता है, जो गुणवत्तायुक्त उत्पादन में सहायक है।