बदमाश कृष्ण उर्फ बिल्लू गैंग के निशाने पर थे पांच शराब ठेकेदार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मछली मार्केट में मर्डर करवाकर दहशत फैलाने वाले जींद जिला के झील गांव के रहने वाले बदमाश कृष्ण उर्फ बिल्लू गैंग के निशाने पर पांच शराब ठेकेदार थे। बिल्लू ने पांचों शराब से जुड़े ठेकेदारों की हत्या करने के लिए प्लान बनाया था। हालांकि एक वारदात के बाद वह और वारदात नहीं कर पाया। जिन ठेकेदारों की हत्या करनी थी उनमें शराब ठेकेदार राजेंद्र, मनोज गूंगा, राजू और दो अन्य शामिल हैं। सीआईए टू की टीम ने अन्य वारदात करने से पहले ही गैंग के मुख्य सरगना झील निवासी कृष्ण उर्फ बिल्लू, रोहतक निवासी पवन कुमार, जींद निवासी अक्षय, दनौदा के राकेश और चमार खेड़ा के नवीन पकड़ा है जिन्हें रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
20 अप्रैल को की पहलवान कुलदीप की हत्या
मछली मार्केट में अवैध शराब के खुर्दे पर बैठे घिराय निवासी पहलवान कुलदीप की बिल्लू और उसके साथियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बाइक और गाड़ी में सवार होकर आए बदमाशों ने कई राउंड फायर किए गए थे। इस घटना के बाद से बिल्लू और उसके साथी पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए थे। तीन दिन पहले ही बिल्लू गैंग के सदस्य ने उक्त स्थान पर ही किताबों की दुकान चलाने वाले कुलदीप से हिस्सेदारी मांगी थी। हिस्सेदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। जांच पड़ताल के बाद सामने आया था कि जिस नंबर से फोन किया गया था वह चमार खेड़ा गांव के नवीन का था। पुलिस ने उक्त दोनों मामलों में संलिप्त अपराधियों को पकड़ लिया है।
सीआईए टू को मिली थी गुप्त सूचना
मछली मार्केट में अंधाधुंध फायर कर पहलवान कुलदीप की हत्या करने और बुक सेलर से हिस्सेदारी मांगने की जांच सीआईए टू इंचार्ज संदीप धनखड़ के पास थी। संदीप ने अपनी टीम एएसआई राजकुमार और अन्य के साथ मिलकर गुप्त सूचना के आधार पर गिरोह के सदस्यों को पकड़ लिया।
किनाला के पास से किया था गिरफ्तार
पुलिस ने पांचों बदमाशों से एक वरना गाड़ी व 5 अवैध पिस्तौल व 22 जिंदा कारतूस सहित पकड़ा है। जिनमें 2 रिवॉल्वर 32 बोर 12 कारतूस 32 बोर, एक रिवॉल्वर 12 बोर तथा 3 कारतूस 12 बोर, एक रिवॉल्वर 315 बोर तथा 4 कारतूस 315 बोर, एक रिवॉल्वर 9 एमएम 3 कारतूस 9 एमएम, बरामद हुए हैं। ये लोग गांव किनाला के खेतों में बने एक कमरे में बैठे थे जहां डकैती की साजिश रच रहे थे।
26 साल के बिल्लू की अभी तक आठ से ज्यादा वारदात
नरवाना के झील निवासी बिल्लू उर्फ कृष्ण ने 26 साल की उम्र में आठ से ज्यादा वारदातों को अंजाम दिया है। उस पर अलग-अलग थानों में कई केस दर्ज हैं।
- 20 मार्च को इंडस्ट्रियल एरिया में घिराये के पहलवान कुलदीप उर्फ ढिल्लू का मर्डर
- जनवरी 2016 में गुड़गांव में पुलिस पार्टी के साथ मुठभेड़, जिसमें कलायत निवासी विजय, डूमरखां निवासी सोनू, गुड़गांव निवासी दर्शन तथा यूपी निवासी तनवीर शामिल थे।
- 25 फरवरी 2016 को जींद से गाड़ी छीनी थी, जिसमें उसका सहयोग अक्षय व पोना ने किया।
- 12 मार्च को दादरी से एक स्कोडा गाड़ी छीनी, जिसमें अक्षय तथा पवन उर्फ पोना ने सहयोग किया।
- दिसंबर 2015 में राजस्थान के भिराणी थाना क्षेत्र में एक डकैती की थी। वारदात में कलायत निवासी विजय, मटोर निवासी सोनू, यूपी निवासी बंटी व तनवीर ने की थी।
- 12 मई 2016 जिंदल स्कूल के पास स्थित बुक डिपो से फोन पर 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी।
- 12 जनवरी को 2016 को रोहतक में हत्या प्रयास व साजिश का केस दर्ज।
- 11 मई को शस्त्र अधिनियम के तहत सिविल लाइन थाना हिसार में केस दर्ज।
अन्य आरोपियों की केस प्रोफाइल
18 साल के दनौदा निवासी राकेश पर 3 केस दर्ज हैं। रोहतक के 21 साल के पवन उर्फ पोना पर 6 केस दर्ज हैं। यह लालपुरा के बिट्टू गुर्जर के मर्डर केस में भी शामिल था। 19 साल के डिगाणा के अक्षय उर्फ सीटू पर पांच केस दर्ज है।
ये था टारगेट
हिसार के मनोज उर्फ गूंगा, मदीणा के राजू दांगी वासी, खारिया राजेंद्र ठेकेदार, भैणी बादशापुर निवासी सुरेंद्र जांगडा सहित एक अन्य का मर्डर करना था।
एसपी ने किया टीम को सम्मानित
एसपी अश्विन शैणवी ने सीआईए टू इंचार्ज एसआई संदीप कुमार को टीम सहित उचित नकद इनाम देकर सम्मानित किया है।