हिसार। मंगाली के राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में तीन महीने बाद फुटबाल कोच ने बेटियों को प्रशिक्षण देने के लिए आना शुरू कर दिया है। खेल विभाग की ओर से प्रत्येक महीने तीन दिन कोच की ड्यूटी लगाई है। उल्लेखनीय है कि तीन महीने पहले फुटबाल कोच जगदीप की यहां महीने में तीन दिन ड्यूटी लगाई थी, लेकिन कोच दो-तीन दिन ही आए। उसके बाद उन्होंने यहां आना बंद कर दिया। बुधवार से दोबारा कोच ने फुटबाल का प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया है।
बता दें, कि तीन साल से मंगाली में फुटबाल का कोई भी सरकारी कोच नहीं है। खिलाड़ियों, ग्रामीणों ने कोच की नियुक्ति के लिए संघर्ष किया तो बेटियों को महीने में सिर्फ तीन दिन ही सरकारी कोच की सुविधा दी गई। वहीं बेटियों ने मांग की है यहां नियमित सरकारी कोच की नियुक्ति की जाए ताकि उनका अभ्यास प्रभावित न हो।