{"_id":"632b38ab00c1fc5f7a39580e","slug":"chance-of-rain-in-haryana-for-next-three-to-four-days","type":"story","status":"publish","title_hn":"Weather Haryana: प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, अगले तीन-चार दिनों तक बारिश के आसार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Weather Haryana: प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, अगले तीन-चार दिनों तक बारिश के आसार
Wed, 21 Sep 2022 09:46 PM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, हिसार (हरियाणा)
अमर उजाला ब्यूरो, हिसार (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Wed, 21 Sep 2022 09:46 PM IST
सार
मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक अगले तीन-चार दिनों तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा और बारिश की संभावना बनी रहेगी। प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज हुई है।
विज्ञापन
रोहतक में बारिश के दौरान जातीं छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
विदाई से पहले मानसून एक बार फिर से हरियाणा में सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी से आ रही दक्षिण पूर्वी नमी वाली हवाओं के असर से बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार बंगाल की खाड़ी पर बने कम दबाव के क्षेत्र ने और बड़ा रूप धारण कर अवसाद में बदल गया है।
विज्ञापन
इसके असर से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली की तरफ से एक बार फिर से दक्षिण पूर्वी नमी वाली हवाओं का रुख हो गया है। इससे बुधवार को प्रदेश के नूंह, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, कैथल, कुरुक्षेत्र, जींद, भिवानी, हिसार, फरीदाबाद, पलवल, फतेहाबाद, पंचकूला, अंबाला यमुनानगर आदि जिलों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश देखने को मिल रही है।
विज्ञापन
आगे ऐसा रहेगा मौसम
आने वाले तीन-चार दिनों तक हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में मानसून गतिविधियों को दर्ज किया जाएगा। क्योंकि राजस्थान पर बने प्रति चक्रवात और जेट हवाओं की वजह से यह कम दबाव का क्षेत्र मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली पर ही बने रहने की संभावनाएं बन रही है। इसके अलावा एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से भी पंजाब, हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान 32.0 से 37.0 और न्यूनतम तापमान 24.0 से 26.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
विज्ञापन
प्रदेश में हुई बारिश के आंकड़े
- अंबाला 45.0 एमएम
- हिसार 4.0 एमएम
- रोहतक 10.0 एमएम
- भिवानी 31.0 एमएम
- झज्जर 29.0 एमएम
- करनाल 45.5 एमएम
- नूंह 28.0 एमएम
- पंचकूला 12.5 एमएम
नोट : ये आंकड़े आईएमडी की तरफ से जारी किए गए हैं और सुबह साढ़े 8 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक के हैं।