हिसार। कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने नगर निगम की तरफ से चौक-चौराहों के सुंदरीकरण के कार्यों का वीरवार को उद्घाटन किया। इन विकास कार्यों पर 66 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। सुंदरीकरण के कार्य के तहत सिरसा चुंगी पर लगी पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा के पीछे डेकोरेटिव वॉल लगाई व अर्जुन रथ का प्रतिरूप स्थापित किया गया, जिस पर 53 लाख रुपये की लागत आई। इसके अलावा सेक्टर 16-17 के तोशाम रोड स्थित एंट्री प्वाइंट पर 13 लाख रुपये की लागत से शंख का प्रतिरूप रखा गया है।
डॉ. कमल गुप्ता ने कहा किमुख्य कार्यों में टाउन पार्क व ऋषि नगर श्मशान भूमि का नवीनीकरण और दिल्ली नेशनल हाईवे पर प्रवेश द्वार का निर्माण शामिल है। सेक्टर 9-11 के एंट्री प्वाइंट पर प्रस्तावित इंडिया गेट, पुराने रेलवे पुल के पास संसद भवन, लक्ष्मीबाई चौक के पास चंद्रयान व नागरिक अस्पताल के पास राम मंदिर का प्रतिरूप रखा जाएगा। इस मौके पर निगमायुक्त प्रदीप दहिया, संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह, एक्सईन संदीप सिहाग व संदीप धुंधवाल, एमई संदीप बैनीवाल, एई सुमित कुमार, जेई प्रवीन चौहान, निवर्तमान सीनियर डिप्टी मेयर अनिल सैनी, निवर्तमान पार्षद कविता केडिया आदि मौजूद रहे।