हिसार। मेयर प्रवीण पोपली ने सोमवार को मॉडल टाउन स्थित कावेरी पार्क में विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया। इन कार्यों पर लगभग 10 लाख 23 हजार रुपये खर्च होंगे। मेयर ने बताया कि पार्क में फुटपाथ निर्माण, ग्रिल और गेट की पेंटिंग, मुख्य द्वार चौड़ा करना, धौलपुर पत्थर की मरम्मत, चबूतरे की फेंसिंग और सुंदरीकरण के अन्य कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद पार्क की साफ-सफाई, सुरक्षा और उपयोगिता में सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य करवा रहा है। नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पार्कों के नवीनीकरण, सड़कों की मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस अवसर पर पार्षद संजय डालमिया, जगमोहन मित्तल, एक्सईएन अमित कौशिक, जेई सुमित नुनाच, विधायक सावित्री जिंदल के पीए ललित शर्मा, धर्मवीर शर्मा माैजूद रहे।