Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Hisar Assembly Seat Profile History Savitri Jindal Family News in Hindi

हिसार सीट का इतिहास: जहां परिवार को मिली पांच बार जीत, वहां से निर्दलीय उतरीं देश की सबसे अमीर महिला सावित्री

Fri, 27 Sep 2024 06:12 AM IST
शिवेंद्र तिवारी स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Fri, 27 Sep 2024 06:12 AM IST
विज्ञापन
सार
Hisar Vidhan Sabha: हरियाणा में विधानसभा चुनाव में हिसार हाई प्रोफाइल सीटों में बनी हुई है। इस सीट पर देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल चुनाव लड़ रही हैं। 2014 में मिली हार के बाद करीब 10 साल तक सावित्री जिंदल हिसार की राजनीति से दूर रहीं।
loader
Hisar Assembly Seat Profile History Savitri Jindal Family News in Hindi
हिसार विधानसभा सीट - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हरियाणा विधानसभा चुनाव अपने चरम की ओर है। पूरे राज्य में प्रचार का शोर है। हर दल के नेता मतदाताओं को लुभाने में लगे हैं। इस चुनावी शोर के बीच कुछ सीटों की चर्चा सबसे ज्यादा है। हिसार विधानसभा सीट भी ऐसी ही एक सीट है। 


हिसार सीट की सियासी लड़ाई को निर्दलीय प्रत्याशियों ने रोचक बना दिया है। देश की सबसे अमीर महिला और पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल यहां से निर्दलीय मैदान में उतरी हैं। दो बार के विधायक व भाजपा प्रत्याशी डॉ. कमल गुप्ता के सामने तीसरी बार कमल खिलाने की चुनौती है, तो रामनिवास राड़ा कांग्रेस के एक दशक से जारी सूखे को खत्म करने की जुगत में हैं।


हमारी खास पेशकश ‘सीट का समीकरण’ में आज इसी हिसार सीट की बात करेंगे। इसके चुनावी इतिहास की बात करेंगे। बात करेंगे यहां से जीते उम्मीदवारों की, पिछले चुनाव में इस सीट पर क्या हुआ था? इस बार कैसे समीकरण बन रहे हैं? ये भी जानेंगे…

पहले जान लेते हैं हिसार सीट के बारे में 
हिसार विधानसभा सीट हिसार जिले की कुल सात विधानसभा सीटों में से एक है। हिसार के अलावा नारनौंद, हांसी, उकलाना, बरवाला, नलवा और आदमपुर सीट हिसार जिले में आती हैं। इस बार हिसार सीट पर कुल 21 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन 21 उम्मीदवारों में देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल भी शामिल हैं। जिनके परिवार की यह परंपरागत सीट रही है। 2014 में हार के बाद यह सावित्री का पहला चुनाव है।


 

अब बात हिसार सीट के चुनावी इतिहास की
  • 1966 में हरियाणा राज्य के गठन के बाद राज्य में पहला विधानसभा चुनाव 1967 में हुआ। साल 1967 में जब हरियाणा का पहला विधानसभा चुनाव हुआ तब हिसार विधानसभा सीट से एस. लता को जीत मिली। कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार के रूप में उतरीं लता ने निर्दलीय बी. राय को एक करीबी मुकाबले में 224 वोट से शिकस्त दी। 
  • 1967 के बाद अगला विधानसभा चुनाव अगले ही साल यानी 1968 में हुआ। इस चुनाव में हिसार में भारतीय क्रांति दल की तरफ से उतरे बलवंत राय को जीत मिली। बलवंत राय ने कांग्रेस के गुलाब सिंह को 1159 वोट से हराया।
  • 1972 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में एक बार फिर गुलाब सिंह और बलवंत राय के बीच मुकाबला हुआ। हालांकि, इस बार नतीजा बदल गया। कांग्रेस के टिकट पर उतरे गुलाब सिंह ने बलवंत राय से 1968 की हार का बदला ले लिया। उन्होंने कांग्रेस (ओ) के बलवंत राय को 1664 वोट से शिकस्त दी।
  • साल 1977, आपातकाल के बाद हरियाणा में विधानसभा चुनाव होते हैं। 1977 के चुनाव में हिसार पर जनता पार्टी के टिकट पर उतरे बलवंत राय ने निर्दलीय ओम प्रकाश को 7332 वोट से शिकस्त दी थी।
  • 1982 में हुए चुनाव में भी हिसार से निर्दलीय उम्मीदवार ओम प्रकाश महाजन को जीत मिली। ओम प्रकाश ने जनता पार्टी के बलदेव तायल को 3570 वोटों से हराया। 1987 के चुनाव में हिसार सीट पर कांग्रेस के टिकट पर उतरे ओम प्रकाश महाजन को झटका लगा। लोक दल के हरि सिंह सैनी ने ओम प्रकाश को 1368 वोट से शिकस्त दी।

 

जब हरियाणा चुनाव में हुई ओपी जिंदल की एंट्री
अब आता है 1991 का हरियाणा विधानसभा चुनाव। इस चुनाव में हिसार सीट पर एक दिग्गज चेहरे की एंट्री होती है। ये चेहरा थे देश के मशहूर उद्योगपति और जिंदल उद्योग समूह के संस्थापक ओम प्रकाश जिंदल, जिन्हें लोग ओपी जिंदल के नाम से भी जानते हैं। 1991 में हिसार सीट का चुनाव इसलिए भी दिलचस्प था क्योंकि यह मुकाबला ओम प्रकाश नाम वाले दो उम्मीदवारों के बीच था। एक तरफ हरियाणा विकास पार्टी (एचवीपी) से ओपी जिंदल थे तो उनके सामने कांग्रेस के ओम प्रकाश महाजन थे। इस चुनाव में हिसार से उद्योगपति ओपी जिंदल को 4,117 वोट से जीत मिलती है।

ओम प्रकाश जिंदल का जन्म 7 अगस्त 1930 को हिसार जिले के नलवा में हुआ था। ओपी जिंदल के पिता एक किसान थे। महज 22 साल की उम्र में उन्होंने हिसार में बाल्टी बनाने का काम शुरू किया। करीब 12 साल बाद 1964 में उन्होंने पाइप बनाने का काम शुरू किया और जिंदल इंडिया लिमिटेड की स्थापना की। 1969 आते आते यह कंपनी एक बड़ी फैक्ट्री का रूप ले चुकी थी। इस कंपनी का नाम जिंदल स्ट्रिप्स लिमिटेड रखा गया। ओपी जिंदल स्टील उद्योग में नए तकनीकी नवाचार लाने का श्रेय भी दिया जा रहा है। अपने इन्हीं नवाचारों के जरिए जिंदल देश के सबसे अमीर लोगों की सूची में शामिल हो गए। उद्योग जगत के बड़े नाम ने 1991 में राजनीति में कदम रखा और सफलता के नए शिखर को छुआ। 1991 में विधानसभा चुनाव जीतने वाले ओपी जिंदल 1996 के लोकसभा चुनाव में भी उतरे। इस चुनाव में वो कुरुक्षेत्र सीट से हरियाणा विकास पार्टी के उम्मीदवार थे। यहां भी उन्हें जीत मिली।  

वापस हिसार विधानसभा सीट पर लौटते हैं। 1996 में लोकसभा के चुनाव हुए, इस चुनाव में ओपी जिंदल लोकसभा पहुंचे इसी 1996 में हरियाणा विधानसभा के भी चुनाव हुए। इस चुनाव में हिसार सीट पर 1987 की तरह एक बार फिर ओम प्रकाश महाजन और हरि सिंह सैनी आमने-सामने हुए। इस चुनाव में हिसार में निर्दलीय उतरे महाजन ने कांग्रेस के हरि सिंह सैनी को 3805 वोट से हरा दिया।   

1996 के बाद हरियाणा में अगले विधानसभा चुनाव 2000 में हुए। इस चुनाव में ओपी जिंदल एक बार फिर चुनाव मैदान में थे। इस बार हरियाणा विकास पार्टी के टिकट पर नहीं बल्कि, कांग्रेस के टिकट पर। इस चुनाव में जिंदल ने निर्दलीय उतरे हरि सिंह सैनी को 12,889 वोट से शिकस्त दी।

2005 में हिसार से परिणाम कुछ नहीं बदला। इस चुनाव में भी कांग्रेस उम्मीदवार ओपी जिंदल ने निर्दलीय हरि सिंह सैनी को 10,876 वोट से हराया। इस चुनाव में जिंदल ही नहीं जीते जीती कांग्रेस भी। राज्य में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी। इस सरकार में ओपी जिंदल उद्योग मंत्री बनाए गए। राज्य में नई सरकार को महीने भर भी नहीं हुए थे कि 31 मार्च 2005 को एक हेलिकॉप्टर क्रैश में हरियाणा सरकार के दो मंत्रियों की मौत हो गई। इन दो मंत्रियों में मशहूर उद्योगपति ओपी जिंदल भी शामिल थे।  

2005 में ओपी जिंदल का हवाई हादसे में निधन होने के बाद हिसार सीट पर उपचुनाव हुआ। कांग्रेस ने इस उप चुनाव में ओपी जिंदल की पत्नी सावित्री जिंदल को उतारा। सावित्री ने 1 लाख 2 हजार 331 वोट के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। सावित्री जिंदल ने 1,07,948 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम आजाद प्रत्याशी को केवल 1,120 वोट से ही संतोष करना पड़ा। इस उप चुनाव में उनके सामने किसी प्रमुख राजनीतिक दल ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था। 

2009 के हरियाणा में विधानसभा चुनाव में सावित्री जिंदल एक बार फिर कांग्रेस के टिकट पर उतरीं। सावित्री ने निर्दलीय गौतम सरदाना को 14,728 से वोट हरा दिया।

अब आता है 2014 का विधानसभा चुनाव जिसमें हिसार सीट पर भाजपा का खाता खुला। हिसार की सियासी लड़ाई भाजपा के उम्मीदवार डॉ. कमल गुप्ता के नाम रही। डॉ. गुप्ता ने कांग्रेस के टिकट पर उतरीं सावित्री जिंदल को 13,646 वोट के अंतर से शिकस्त दी। 

2019 के चुनाव में डॉ. कमल गुप्ता भाजपा के टिकट पर उतरे। इस बार कमल ने कांग्रेस उम्मीदवार राम निवास राड़ा को 15,832 वोट से हराया। भाजपा प्रत्याशी को 49,675 वोट मिले जबकि कांग्रेस प्रत्याशी 33,843 को वोट मिले। इस चुनाव में जिंदल परिवार का कोई सदस्य चुनाव नहीं लड़ा। 

इस बार कौन आमने-सामने?
अब बात 2024 के चुनाव की कर लेते हैं। हिसार सीट पर इस बार मुकाबला दिलचस्प हो गया है। देश की सबसे अमीर महिला और पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल ने निर्दलीय मैदान में उतरकर भाजपा-कांग्रेस की चिंता बढ़ा दी है। दो बार के विधायक व भाजपा प्रत्याशी डॉ. कमल गुप्ता के सामने तीसरी बार कमल खिलाने की चुनौती है, तो 2019 में यहां से हारे रामनिवास राड़ा कांग्रेस के एक दशक से जारी सूखे को खत्म करने की जुगत में हैं। राड़ा के सामने बड़ा सवाल खुद को साबित करने का भी है, क्योंकि कांग्रेस ने सैनी समाज के प्रत्याशी पर एक बार फिर दांव खेला है। यूं तो हिसार सीट पर 21 प्रत्याशी मैदान में हैं, पर असल मुकाबला सावित्री, राड़ा व गुप्ता के बीच ही बताया जा रहा है। निर्दलीय उतरे पूर्व मेयर गौतम सरदाना इस त्रिकोणीय लड़ाई को चतुष्कोणीय करने की कोशिश में हैं। 

सावित्री जिस जिंदल घराने से हैं, हिसार की राजनीति को उससे जुदा करके नहीं देखा जा सकता। छह चुनाव में से पांच बार जीत दर्ज करने वाले जिंदल परिवार का यहां बड़ा सियासी रसूख है। इस सीट पर सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड भी सावित्री के नाम है। सावित्री इस चुनाव में 2014 के विधानसभा चुनाव में कमल गुप्ता से मिली हार का बदला भी लेना चाहेंगी। उधर, भाजपा को सबसे बड़ा खतरा बागियों से है। संघ के करीबी कमल गुप्ता टिकट बचाने में तो कामयाब रहे, पर उनकी जीत की राह में सबसे बड़ी बाधा भाजपा से ही नाराज सावित्री व सरदाना हैं। वहीं, कांग्रेस में राड़ा को सांसद सैलजा का विश्वासपात्र होने का लाभ मिला है। अब उनकी कोशिश ओबीसी वोटर को एकजुट करने व अपनी बिरादरी का कैडर वोट बचाने की है। टिकट नहीं मिलने से हताश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग को साथ लेकर चलना भी राड़ा के लिए चुनौती भरा रहेगा।

सावित्री के बेटे नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद हैं। इस सीट पर जिंदल परिवार का कितना प्रभाव है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 1991 में जिंदल परिवार ने हिसार से राजनीति शुरू की थी। 1991 से 2009 तक यहां से जिंदल परिवार 5 बार मैदान में आया और पांचों बार ही जीता। तीन बार ओपी जिंदल खुद जीते तो दो बार सावित्री जिंदल जीतीं। 2014 के चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी डॉ. कमल गुप्ता के सामने कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री जिंदल थी। गौतम सरदाना निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में थे। तब सावित्री जिंदल को पहली बार हार का सामना करना पड़ा था। 

देश की सबसे धनी महिला को हराने का इनाम डॉ. कमल गुप्ता को मुख्य संसदीय सचिव का पद के रूप में मिला। इसके बाद करीब 10 साल तक सावित्री जिंदल हिसार की राजनीति से दूर रहीं। 2024 में मार्च में सावित्री जिंदल के सबसे छोटे बेटे नवीन जिंदल भाजपा में शामिल हुए तो पार्टी ने उनको कुरुक्षेत्र से लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया। नवीन विजयी होकर सांसद बने। 29 मार्च को सावित्री जिंदल को भी सीएम नायब सैनी, पूर्व सीएम मनोहरलाल ने पटका पहनाकर भाजपा में शामिल किया। सावित्री जिंदल ने भाजपा में शामिल हाेने का मंच से एलान भी किया था। इसके बाद से वह भाजपा के टिकट की प्रबल दावेदार भी बन गई थीं। हालांकि, भाजपा से टिकट मिलने की उनकी उम्मीद पूरी नहीं हुई। अब देखना होगा कि हिसार की जनता इस बार किसे चुनती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed