Air Pollution: "अपनी गलती दूसरों पर थोप रहे केजरीवाल, दिल्ली की बदहाल सड़कों-वाहनों के कारण हो रहा प्रदूषण"
Air Pollution: हरियाणा के पूर्व सहकारिता मंत्री करतार सिंह भड़ाना ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार इन गंभीर समस्याओं के समाधान के बजाय पूरी तरह से राजनीति कर रही है। वह बार-बार पड़ोस के राज्यों में पराली के कारण दिल्ली में वायु प्रदूषण की बात कह कर अपनी कमियों को छुपा जाती है...
विस्तार
राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है और अब लोगों को सांस लेना भी भारी हो गया है। करतार सिंह भड़ाना ने कहा है कि इस गंभीर समस्या का समाधान खोजने की बजाय अरविंद केजरीवाल दूसरे राज्यों पर अपनी जिम्मेदारी सौंपकर पल्ला झाड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार को प्रदूषण कम करने के लिए ठोस उपाय करने चाहिए।
हरियाणा के पूर्व सहकारिता मंत्री करतार सिंह भड़ाना ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार इन गंभीर समस्याओं के समाधान के बजाय पूरी तरह से राजनीति कर रही है। वह बार-बार पड़ोस के राज्यों में पराली के कारण दिल्ली में वायु प्रदूषण की बात कह कर अपनी कमियों को छुपा जाती है। जबकि सच्चाई तो यह है कि लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण का एक सबसे बड़ा कारण राजधानी दिल्ली की सड़कों पर लगने वाला जाम और टूटी सड़कें हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री की खराब नीतियों की वजह से दिल्ली में वाहन सरक-सरक कर चलने को मजबूर हैं। दिल्ली में ऐसी व्यवस्था बननी चाहिए जिससे जाम समाप्त हो। जाम खत्म हो जाएगा तो वायु प्रदूषण अपने आप कम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में क्रेशर जोन को बंद करना, हर बार कंस्ट्रक्शन के कामों पर रोक लगाना व प्रदूषण के लिए पड़ोसी राज्यों पर आरोप लगाना ठीक नही है। दिल्ली में प्रदूषण अधिक होता है, जबकि फरीदाबाद में कम। फिर भी फरीदाबाद के क्रेशर और भवन निर्माण पर रोक लग जाती है, जिसके कारण लाखों लोगों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रदूषण कम करने के लिए ठोस उपाय करने चाहिए।