फतेहाबाद। हुडा सेक्टर तीन में हरियाणा राज्य रेजिडेंट वेलफेयर कनफेडरेशन के राज्य संयोजक यशवीर मलिक की अध्यक्षता में सेक्टरवासियों की बैठक हुई। बैठक में सेक्टर वासियों ने सरकार द्वारा स्टिल्ट प्लस 4 मंजिला भवन नीति, पानी के भारी भरकम बिल, सेक्टर में 30-30 गज के प्लाट आवंटित करने का विरोध किया। इसके अलावा सेक्टर की जमीनों पर बने प्राइवेट स्कूल एवं अस्पताल में सेक्टर वासियों को विशेष छूट न मिलने का भी विरोध किया।
बैठक में सरकार की गलत नितियों पर चर्चा की गई तथा मौजूद लोगों ने सरकार के इन जन विरोधी फैसलों का विरोध किया। बैठक को हरियाणा राज्य रेजिडेंट वेलफेयर कनफेडरेशन के राज्य संयोजक यशवीर मलिक ने संबोधित किया। उन्होंने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट किया कि 31 जुलाई तक यदि सेक्टर वासियों की उपरोक्त सभी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो सेक्टर निवासी जींद में एक बड़ी रैली करके सरकार के विरुद्ध एक बड़ा आंदोलन के लिए मजबूर हो जाएंगे। आरडब्ल्यूए के सदस्य सुखदेव सिंह ने कहा कि हुडा सेक्टर में ट्यूबवेल का पानी सप्लाई हो रहा है जबकि दो से ढाई हजार रुपये लिया जा रहा है। जबकि नगर परिषद क्षेत्र में पानी बिन 60 से 120 रुपये तक ही है। सुविधा के नाम पर सेक्टर में कुछ नहीं है। अमित कुमार एडवोकेट, कृष्ण कुमार बिश्नोई, रघुनाथ मेहता, योगेश मेहता, सुखदेव सिंह व प्रोफेसर मिल्क राज कंबोज ने भी अपने विचार रखें और यशवीर मलिक को यह आश्वासन दिलवाया कि इस मुहिम को आगे बढ़ाओ सेक्टर निवासी आपके साथ हैं।